100 फुट गहरी खदान में भी मिलेगी श्रमिकों की सटीक लोकेशन, मैनपुरी के दो भाइयों ने बनाया 'स्मार्ट सेफ्टी हेलमेट'
मैनपुरी के दो छात्रों आदित्य और अनुराग ने खदान श्रमिकों की सुरक्षा के लिए 'स्मार्ट हेलमेट' बनाया है।

श्रमिकों की सुरक्षा के लिए बनाए गए हेलमेट की जानकारी देते सगे भाई अनुराग व आदित्य
HighLights
स्मार्ट हेलमेट 100 फुट गहराई तक श्रमिकों को ट्रैक करता है।
ऑक्सीजन स्तर की निगरानी कर वास्तविक डेटा कंट्रोल रूम भेजता है।
सटीक स्थान और सुरक्षा के लिए कई सेंसर का उपयोग करता है।
जागरण संवाददाता, मैनपुरी। जमीन के कई फुट नीचे खदानों में काम करने वाले श्रमिकों की अब जोखिम के दौरान भी सटीक जानकारी मिल सकेगी। आगरा रोड स्थित राजकीय इंटर कालेज में 12वीं में पढ़ रहे सगे भाइयों ने स्कूल की लैब में 'स्मार्ट हेलमेट' तैयार किया है।
दावा है कि यह जमीन से 100 फुट की गहराई में फंसे श्रमिक की भी जानकारी दे सकता है। सिर्फ यही नहीं, श्रमिक की वास्तविक स्थिति के साथ उनके आसपास के ऑक्सीजन लेवल को भी रिकॉर्ड कर दूर स्थित कंट्रोल रूम तक पहुंचा सकता है।
देवी बाईपास रोड स्थित नगला कैथ निवासी शिक्षक शैलेंद्र कुमार के पुत्र आदित्य एवं अनुराग ने स्कूल की अटल टिंकरिंग लैब में खदानों के अंदर जाने वालों के लिए हेलमेट का एक प्रोटोटाइप बनाया है।
इसमें 15 से ज्यादा प्रकार के अलग-अलग सेंसर लगाए हैं जिन्हें श्रमिक खदान में जाने से पहले ही सक्रिय करेंगे। प्रोटोटाइप 48 घंटे के बैटरी बैकअप से लैस है। छात्राें ने बताया कि खदान में फंसे श्रमिक की वास्तविक लोकेशन को जीपीएस माड्यूल से चिह्नित किया जा सकता है।
यदि किसी कारणवश गहराई में जीपीएस सिग्नल कमजोर पड़ते भी हैं तो ऐसी स्थिति में डिजिटल व ह्यूमिडिटी मॉड्यूलर स्वत: सक्रिय हो जाएगा। इसके माध्यम से ऊपर बैठी टीम श्रमिक की शारीरिक गर्मी से उसकी वास्तविक लोकेशन और गहराई का अंदाज लगा लेगी। स्मार्ट हेलमेट में ऐसे गैजेट्स व सेंसर लगाए गए हैं जो जमीन के अंदर 100 फुट की गहराई की भी सटीक जानकारी डिस्प्ले पर प्रदर्शित करेगा।
विद्यार्थियों ने बताया कि हेलमेट के अंदर लगा मास्क श्रमिक को सांस दे सकता है। इसमें इंफ्रारेड सिग्नल प्रणाली को भी सेंसर से जोड़ा गया है जो रेस्क्यू टीम को श्रमिक की लोकेशन बताएगी।
प्रोटोटाइप में लगाए हैं ये सेंसर
- एआरडीयूआईएनओ: यह पूरे हेलमेट का मुख्य कंट्रोल सिस्टम है जो स्वत:चालित प्रक्रिया से सभी यूनिट को कमांड करता है।
- पीआईआर मोशन सेंसर: यह किसी भी प्रकार की गर्मी को आसानी से पढ़ सकता है। तापमान की डिजिट में संपूर्ण सूचना सिग्नल कोड के माध्यम से जमीन के ऊपर कमांड सेंटर को भेजता है।
- एचसी ब्लूटुथ: यह एक ब्लूटुथ मॉड्यूल है, जो स्वत: सिग्नल के माध्यम से कमांड के हर उस मोबाइल फोन से कनेक्ट हो जाएगा, जिसका ब्लूटुथ ऑन होगा। स्वयं ही संदेश भेजना आरंभ कर देगा।
- एमक्यू सेंसर: यह गैस डिटेक्टर मोशन सेंसर है। जमीन के अंदर अलग-अलग प्रकार की गैस होती हैं। यह सेंसर उन्हें डिटेक्ट करके खतरे की जानकारी ऊपर पहुंचाएगा।
- डीएचटी-11: डिजिटल ह्यूमिडिटी टेंप्रेचर सेंसर है। जो जमीन में कई फुट नीचे इंसानी शरीर की गर्मी और उसकी नमी के आधार पर उनकी मौजूदगी की सूचना देगा।
यह भी पढ़ें- अब प्लेटफॉर्म पर ही मिलेगा जनरल टिकट, अलीगढ़ समेत चार स्टेशनों पर शुरू होगी नई सुविधा
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।