PM किसान योजना: 1200 पति-पत्नी मिलकर ले रहे थे सम्मान निधि का लाभ, फार्मर रजिस्ट्री में खुला राज
फार्मर रजिस्ट्री से खुलासा हुआ है कि लगभग 1200 ऐसे मामले हैं जहाँ पति-पत्नी दोनों प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का ...और पढ़ें

HighLights
फार्मर रजिस्ट्री ने पीएम किसान में दोहरा लाभ उजागर किया।
मैनपुरी में 1200 पति-पत्नी सम्मान निधि का लाभ ले रहे थे।
पुनः जांच जारी, अपात्र पाए जाने पर एक नाम हटेगा।
सौरभ शुक्ला, मैनपुरी। किसान सम्मान निधि में अपात्र लाभार्थियों की पहचान के लिए चल रही फार्मर रजिस्ट्री ने योजना में दोहरा लाभ लेने का मामला उजागर किया है। जिले में करीब 1200 ऐसे प्रकरण सामने आए हैं, जिनमें पति-पत्नी दोनों प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि प्राप्त करते मिले हैं।
शासन के निर्देश के अनुसार एक परिवार से निर्धारित पात्र किसान को ही योजना का लाभ दिया जाना है। अब विभाग इन प्रकरणों की दोबारा जांच करा रहा है। सत्यापन में अपात्रता मिलने पर एक लाभार्थी का नाम योजना से हटाया जा सकता है।
3.14 लाख किसानों की फार्मर रजिस्ट्री
जिले में 4.07 लाख किसान पंजीकृत हैं, जिनमें से 3.14 लाख किसानों की फार्मर रजिस्ट्री हो चुकी है। फार्मर रजिस्ट्री के दौरान किसानों के अभिलेखों का मिलान किया जा रहा है। इसी प्रक्रिया में समान परिवार से जुड़े पति-पत्नी के नाम योजना में दर्ज होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद संबंधित डाटा को परीक्षण के लिए अलग किया गया है।
विभागीय स्तर पर दस्तावेजों और पात्रता का सत्यापन कराया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद पात्रता के अनुरूप लाभार्थियों की सूची को दुरुस्त किया जाएगा। जिन मामलों में दोनों नाम नियमों के विपरीत पाए जाएंगे, उनमें निर्धारित प्रक्रिया के तहत एक नाम हटाया जा सकता है।
किसान सम्मान निधि का लाभ परिवार में सिर्फ मुखिया को ही मिल सकता है। एक घर में एक से अधिक सम्मान निधि ले रहे किसानों की सम्मान निधि रोक दी गई है। तहसील स्तर पर टीमों का गठन कर पुन: जांच कराई जा रही है। शासन के निर्देश पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-नरेंद्र कुमार त्रिपाठी, उप निदेशक कृषि
यह भी पढ़ें- PM किसान सम्मान निधि: 25वीं किस्त से वंचित होंगे 43 हजार किसान, योजना पर शासन ने जारी किया सख्त आदेश
यह भी पढ़ें- फर्रूखाबाद में किसान सम्मान निधि में फर्जीवाड़ा, 147 नाबालिगों समेत 4,297 अपात्रों के खातों में पहुंची रकम
