PM किसान सम्मान निधि: 25वीं किस्त से वंचित होंगे 43 हजार किसान, योजना पर शासन ने जारी किया सख्त आदेश
फर्रुखाबाद में लगभग 43 हजार किसान पीएम किसान सम्मान निधि की 25वीं किस्त से वंचित हो सकते हैं क्योंकि उनकी फार्मर आईडी नहीं बनी है।

HighLights
फर्रुखाबाद के 43 हजार किसानों की सम्मान निधि अटकी।
फार्मर आईडी न होने पर 25वीं किस्त नहीं मिलेगी।
राजस्व, कृषि विभाग की लापरवाही से किसान प्रभावित।
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद। शासन ने किसान सम्मान निधि के लिए फार्मर आईडी अनिवार्य कर दी है। जिन किसानों की फार्मर आईडी नहीं बनी है, उन्हें सम्मान निधि की 25वीं किस्त नहीं मिलेगी। जनपद में लगभग एक वर्ष से फार्मर आईडी बनाने का काम चल रहा है, लेकिन पंजीकृत 250162 किसानों में अब तक 206753 किसानों की ही फार्मर आईडी बन सकी है। लगभग 43 हजार किसान आईडी से वंचित हैं, जिससे इनकी सम्मान निधि अटक जाएगी।
शत-प्रतिशत फार्मर आईडी बनाने का आदेश
वर्ष 2019 में पीएम किसान सम्मान निधि योजना शुरू की गई थी। शासन के आदेश हैं कि सभी किसानों की शत-प्रतिशत फार्मर आईडी बना ली जाए। फार्मर आईडी बनाने की जिम्मेदारी राजस्व विभाग व कृषि विभाग को दी गई थी। एक वर्ष से ऊपर होने जा रहा है, लेकिन अभी तक जनपद में शत-प्रतिशत किसानों की फार्मर आईडी नहीं बनी है।
जनपद के लगभग 43 हजार किसान फार्मर आईडी से वंचित हैं। अब शासन के आदेश आ गए हैं कि जिन किसानों की फार्मर आईडी नहीं होगी, उन्हें पीएम किसान सम्मान निधि की फरवरी 2027 में जारी होने वाली 25वीं किस्त नहीं मिलेगी। इस आदेश से राजस्व व कृषि विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों की लापरवाही से जिले के 43 हजार किसानों की किसान सम्मान निधि लटक सकती है।
वरासत में दर्ज नहीं 15 हजार किसानों का नाम
जिला कृषि विभाग के अधिकारियों का कहना है कि आधारकार्ड और खतौनी में नाम की वर्तनी या दर्ज विवरण अलग होने से कई किसानों की फार्मर आईडी नहीं बन पा रही है। करीब 15 हजार ऐसे किसान हैं, जिनके नाम वरासत में दर्ज नहीं हैं।
उप जिला कृषि निदेशक अरविंद मोहन मिश्र ने बताया कि जनपद में पंजीकृत 250162 किसानों में अब तक 206753 किसानों की ही फार्मर आईडी बन गई हैं। करीब 43 हजार किसानों की फार्मर आईडी बनना बाकी है।
उन्होंने बताया कि शासन के आदेश आ गए हैं कि अब उन्हीं किसानों को 25वीं किस्त मिलेगी, जिनकी फार्मर आईडी बनी होगी। फरवरी 2027 से पहले तक शत-प्रतिशत किसानों की फार्मर आईडी बनाने का प्रयास किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- बांदा के 37534 लोगों को नहीं मिलेगा PM किसान सम्मान निधि का लाभ, ये छोटा अपडेट बना मुसीबत
यह भी पढ़ें- फर्रूखाबाद में किसान सम्मान निधि में फर्जीवाड़ा, 147 नाबालिगों समेत 4,297 अपात्रों के खातों में पहुंची रकम
