यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 31, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Lok Sabha Election: मुलायम सिंह यादव की बहू सांसद डिंपल के नाम है ये रिकॉर्ड; मैनपुरी से भाजपा को मोदी की प्रचण्ड लहर में मिली थी करारी हार
Lok Sabha Election 2024 समाजवादी पार्टी ने फिर जताया भरोसा। मुलायम सिंह यादव इस सीट से पांच बार सांसद रहे। ...और पढ़ें

HighLights
- मुलायम का नाम भारी, डिंपल पर जीत की जिम्मेदारी
- नेता जी के निधन के बाद सपा मुखिया की पत्नी बनी थीं सांसद
जागरण संवाददाता, मैनपुरी। तमाम उतार चढ़ाव के बाद भी सपा के खाते में कायम रही मैनपुरी लोकसभा सीट पर दबदबा कायम रखने को पार्टी ने एक बार फिर डिंपल यादव पर भरोसा जताया है। समाजवादी पार्टी के गठन के बाद से ही इस सीट पर कोई दूसरी पार्टी जीत दर्ज नहीं कर सकी है।
इस सीट पर 1996 से है कब्जा
वर्ष 1996 के बाद से इस सीट पर सपा का कब्जा है। स्व. मुलायम सिंह यादव यहां से पांच बार सांसद रहे हैं। वर्ष 2022 में मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद हुए उपचुनाव में पार्टी ने डिंपल यादव को मैदान में उतारा था। भाजपा से रघुराज सिंह शाक्य प्रत्याशी थे। वह चुनाव मैनपुरी के इतिहास का सबसे जबर्दस्त प्रचार अभियान वाला चुनाव माना जाता है।
डिंपल ने मैनपुरी में रिकॉर्ड वोटों से जीत हासिल की थी
सपा की ओर से पूरे सैफई परिवार के बाद प्रदेश भर के विधायक और पूर्व जनप्रतिनिधि वोट मांगने उतरे थे। इसी तरह भाजपा ने भी पूरी ताकत झोंकी थी। उस चुनाव में डिंपल यादव ने 2.88 लाख वोटों के बड़े अंतर से भाजपा प्रत्याशी को पराजित किया था।
आगामी चुनाव के लिए डिंपल यादव को ही दोबारा प्रत्याशी बनाने की बात पूर्व में कई बार सपा के मंचों पर कही गई थी। मंगलवार को जारी सूची में इस पर अधिकृत मुहर लग गई। प्रत्याशी घोषित होते ही जिले में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
2009 में लड़ा था पहला चुनाव
डिंपल यादव पहली बार वर्ष 2009 में फिरोजाबाद लोकसभा सीट के उपचुनाव में सपा की प्रत्याशी बनी थीं। तब कांग्रेस प्रत्याशी राजबब्बर ने उनको पराजित किया था। इसके बाद वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में वह कन्नौज सीट से सांसद बनीं। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में उनको कन्नौज सीट पर हार का सामना करना पड़ा था।
मैनपुरी की पहली महिला सांसद हैं डिंपल यादव
वर्ष 2022 में उपचुनाव जीतकर डिंपल यादव मैनपुरी की पहली महिला सांसद बनी थीं। उनके पहले कई चुनावों में महिला प्रत्याशी मैदान में उतरी थीं, परंतु कोई जीत की दहलीज तक नहीं पहुंच सकी थी।
डिंपल यादव के प्रत्याशी घोषित होने से पार्टी कार्यकर्ताओं में जबर्दस्त उत्साह है। संगठन पहले से चुनावी मोड में काम कर रहा है। आगामी चुनाव में इस सीट से पार्टी को रिकार्ड जीत मिलेगी। आलोक शाक्य, जिलाध्यक्ष सपा
