सीएम योगी ने 9.524 हेक्टेयर जमीन को दी हरी झंडी, मैनपुरी सैनिक स्कूल को मिला विस्तार, बढ़ेंगी सुविधाएं
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मैनपुरी सैनिक स्कूल के विस्तार के लिए नौनेर ग्राम सभा में 9.524 हेक्टेयर भूमि निःशुल्क देने ...और पढ़ें

सैनिक स्कूल मैनपुरी।
HighLights
मुख्यमंत्री योगी ने भूमि आवंटन को मंजूरी दी
मैनपुरी सैनिक स्कूल को मिलेगी 9.524 हेक्टेयर जमीन
नौनेर ग्राम सभा की भूमि निःशुल्क हस्तांतरित होगी
जागरण संवाददाता, मैनपुरी। सैनिक स्कूल के विस्तार और जरूरी सुविधाओं के निर्माण के लिए ग्राम सभा नौनेर में 9.524 हेक्टेयर जमीन निश्शुल्क दी जाएगी। इसके लिए ग्राम सभा के प्रबंधन वाली भूमि का निश्शुल्क पुनर्ग्रहण कर माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधीन किया जाएगा। इसके बाद विभाग यह जमीन रक्षा मंत्रालय के अधीन सैनिक स्कूल सोसाइटी को निश्शुल्क हस्तांतरित करेगा। मंगलवार को आयोजित कैबिनेट बैठक में स्कूल के विस्तार के लिए नौनेर में 9.524 हेक्टेयर जमीन निश्शुल्क देने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुहर लगाई।
सैनिक स्कूल के मौजूदा परिसर से दो हाईटेंशन बिजली लाइनें गुजर रही हैं। इसके कारण परिसर की उपलब्ध भूमि का एक बड़ा हिस्सा निर्माण कार्य के लिए उपयोगी नहीं रह गया है। ऐसे में स्कूल के विस्तार और आवश्यक निर्माण कार्यों के लिए वैकल्पिक भूमि की जरूरत है।
सैनिक स्कूल को दी जाएगी पास के नौनेर गांव की जमीन
इसी को देखते हुए जिलाधिकारी ने ग्राम सभा नौनेर में जमीन चिह्नित की है। रक्षा मंत्रालय और राज्य सरकार के बीच हुए समझौते में सैनिक स्कूल के लिए भूमि उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी राज्य सरकार की है। इसी व्यवस्था के तहत जिले में वैकल्पिक भूमि उपलब्ध कराई जाएगी। इस पर सैनिक स्कूल के कैडेटों के साथ शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के उपयोग के लिए विभिन्न भवनों और दूसरी जरूरी सुविधाओं का निर्माण किया जा सकेगा।
जमीन मिलने के बाद बढ़ेंगी सुविधाएं
इस आवासीय सैनिक स्कूल की स्थापना 22 जुलाई 2019 को हुई थी। यह देश की सैनिक स्कूल श्रृंखला का 30वां संस्थान है। फिलहाल करीब 50 एकड़ में फैले सैनिक स्कूल में 568 विद्यार्थी पढ़ाई कर रहे हैं। इनमें 517 छात्र और 51 छात्राएं हैं। जमीन मिलने के बाद परिसर का विस्तार हो सकेगा।
