एटा डीएम के पास पहुंची वसूली की शिकायत, सात आशा संगिनियां बर्खास्त
एटा में मानदेय भुगतान के नाम पर वसूली की शिकायत के बाद बड़ी कार्रवाई हुई है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज ...और पढ़ें

एटा की डीएम हैं एम अरुन्मोली।
HighLights
मानदेय भुगतान के नाम पर ₹2000 की वसूली।
शिकायत के बाद सात आशा संगिनियां बर्खास्त।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज से संबद्ध थीं।
जागरण संवाददाता, एटा। मानदेय भुगतान के नाम पर प्रति आशा संगिनी दो हजार रुपये की वसूली और इसके बाद भी मानदेय नहीं मिलने की शिकायत पर बड़ी कार्रवाई की है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज से संबद्ध सात आशा संगिनियों को बर्खास्त कर दिया गया है।
जांच में दोषी पाए जाने के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय की ओर से निष्कासन के आदेश जारी किए गए हैं। यह मामला 17 अक्टूबर 2026 को तहसील अलीगंज में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में सामने आया था।
यहां आशा कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से शिकायत दर्ज कराई थी। उनका आरोप था कि मानदेय भुगतान के लिए उनसे प्रति आशा संगिनी दो हजार रुपये लिए गए, लेकिन इसके बाद भी मानदेय का भुगतान नहीं किया गया। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने मामले की जांच कराने के निर्देश दिए थे।
संपूर्ण समाधान दिवस में हुई थी मामले की शिकायत
जिलाधिकारी एम अरुन्मोली के निर्देश पर सीएमओ डा. राजेंद्र प्रसाद ने शिकायत की जांच कराई। जांच में संबंधित आशा संगिनियों को धनराशि लिए जाने के मामले में दोषी पाया गया। इसके बाद जांच अधिकारी ने उनके निष्कासन की संस्तुति की। जिलाधिकारी एवं जिला स्वास्थ्य समिति के अध्यक्ष के अनुमोदन के बाद सीएमओ कार्यालय ने निष्कासन के आदेश जारी कर दिए।
इन सात आशा संगिनियों पर हुई कार्रवाई
सीएमओ की ओर से निष्कासित की गई आशा संगिनियों में शीला देवी, रंजीता, मधु देवी, रीना देवी, सुनीता देवी, विमलेश पाल और पुष्पा देवी शामिल हैं। ये सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज से संबद्ध थीं। निष्कासन आदेशों की प्रतिलिपि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, उत्तर प्रदेश सहित संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है। इस कार्रवाई से स्वास्थ्य सेवाओं में अनियमितताओं के विरुद्ध सख्त रुख का संदेश दिया गया है।
सीएमओ का कहना है कि शिकायतों की जांच के बाद अनियमितता पाए जाने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- एटा में UP बोर्ड परीक्षा 2027 के लिए 85 केंद्र निर्धारित, 28 निजी स्कूल भी शामिल
यह भी पढ़ें- एटा में सांस नली में चाऊमीन फंसने से किशोरी की मौत, नूडल्स खाते समय बरतें ये सावधानियां
