मैनपुरी: छात्रा से छेड़छाड़ के मामले में भाजपा मंडल अध्यक्ष और भतीजे पर FIR, ब्राह्मण समाज में आक्रोश
छात्रा और उसकी बहन से छेड़छाड़, मारपीट व धमकाने के आरोप में भाजपा मंडल अध्यक्ष करहल और उनके भतीजे पर मुकदमा दर्ज हुआ है। ब्राह्मण समाज की नाराजगी के बाद पुलिस ने जांच शुरू की है, जबकि भतीजे ने भी मारपीट का आरोप लगाया था।

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
भाजपा मंडल अध्यक्ष और भतीजे पर छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज।
घर में घुसकर मारपीट और धमकाने का भी आरोप।
ब्राह्मण समाज की नाराजगी के बाद पुलिस जांच में जुटी।
जागरण संवाददाता, मैनपुरी। छात्रा और उसकी बहन से छेड़छाड़ के मामले में भाजपा मंडल अध्यक्ष करहल और उनके भतीजे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मंडल अध्यक्ष पर घर में घुसकर मारपीट और धमकाने का भी आरोप लगाया गया है।
मामले में ब्राह्मण समाज के नाराजगी जताने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। वहीं एक दिन पूर्व मंडल अध्यक्ष के भतीजे ने छात्रा के स्वजन पर मारपीट करने का आरोप लगाया।
घर में घुसकर मारपीट और धमकाने पर भी लगाया आरोप, ब्राह्मण समाज ने जताई नाराजगी
कस्बा करहल के एक मुहल्ला निवासी एक युवक ने शुक्रवार की देर रात मुकदमा दर्ज कराया है। बताया कि भाजपा मंडल अध्यक्ष कलपेंद्र भारतीय का भतीजा अमन भारतीय उनकी बहनों पर रोजाना आपत्तिजनक टिप्पणियां करता था और उन्हें परेशान करता था। 26 नवंबर की दोपहर तीन बजे वह घर पर थे। तभी अमन भारतीय अपने दो साथियों के साथ घर के बाहर पहुंचकर अभद्रता करने लगा। ऐसा करने से रोकने पर वह भड़क गया और अपने साथियों के साथ घर में घुसकर युवक की मारपीट शुरू कर दी।
एक दिन पूर्व मंडल अध्यक्ष के भतीजे ने दर्ज कराया था मारपीट का मामला
इस दौरान कल्पेंद्र भी मौके पर पहुंच गए और गाली-गलौज करने लगे। शोर सुनकर दादी देवी और बहनें बचाने आईं तो उनके साथ भी मारपीट की गई। आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। वहीं एक दिन पूर्व मंडल अध्यक्ष के भतीजे अमन ने छात्रा के भाई और उसके स्वजन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। मामले में शुक्रवार को ब्राह्मण समाज के लोगों ने नाराजगी जताकर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
करहल इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार पांडेय ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से मुकदमा दर्ज कर सीसी कैमरे की फुटेज देखे जा रहे हैं। मामले में जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- मुरादाबाद में गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई रोडवेज बस, मां-बेटे समेत 4 की मौत