मैनपुरी: NHM कर्मचारियों को ग्रेच्युटी और EPF पर मिली सहमति, 5 लाख बीमा का भी भरोसा
लखनऊ में चल रहे एनएचएम कर्मचारियों के धरने में ग्रेच्युटी, ईपीएफ, 5 लाख कैशलेस बीमा और 5 साल पर बोनस ...और पढ़ें

धरना स्थल पर कर्मचारी।
HighLights
ग्रेच्युटी और ईपीएफ देने पर बनी सहमति, कर्मचारियों को मिली राहत।
5 लाख तक कैशलेस बीमा और 5 साल पर बोनस का भरोसा।
नियमितीकरण की मांग पर धरना जारी, मैनपुरी में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित।
जागरण संवाददाता, मैनपुरी। लखनऊ में चल रहे राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) कर्मचारियों के धरने के बीच प्रथम चरण की वार्ता में ग्रेच्युटी और ईपीएफ देने पर सहमति बनी है। कर्मचारियों को पांच लाख रुपये तक कैशलेस बीमा और पांच साल पर बोनस देने का भी भरोसा दिया गया है।
संयुक्त एनएचएम संघ के ज्वाइंट सेक्रेटरी अभय कुमार सिंह (इज्जू) ने कर्मचारियों से एकजुटता बनाए रखने की अपील की। कर्मचारी नेता संजय शर्मा ने बताया कि समान कार्य-समान वेतन लागू करने और खाली पड़े आवासीय भवन आवंटित करने पर भी चर्चा हुई है। हालांकि, नियमितीकरण की प्रमुख मांग को लेकर कर्मचारी अब भी धरनास्थल पर डटे हैं।
एनएचएम कर्मचारियों को ग्रेच्युटी और ईपीएफ देने पर बनी सहमति
धरने में मैनपुरी से 400 से अधिक कर्मचारी शामिल हैं। वहीं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन योजना के तहत जिले में कार्यरत मेडिकल आफीसर और कर्मचारी पिछले कई दिनों से कार्य बहिष्कार कर रहे हैं। सोमवार को अधिकारी और कर्मचारी कार्य बहिष्कार कर लखनऊ में धरना प्रदर्शन के लिए गए। इससे जिले की स्वास्थ्य सेवाएं बाधित रहीं।
कई मरीजों को बिना इलाज के लौटना पड़ा
सीएचसी और पीएचसी के साथ ही जिला अस्पताल में भी मरीजों को उपचार के लिए भटकते देखा गया है। कर्मियों की हड़ताल के कारण महाराजा तेज सिंह जिला अस्पताल के हड्डी रोग विभाग में तैनात सभी डॉक्टर अस्पताल नहीं पहुंचे। जिससे कई मरीजों को बिना इलाज के ही वापस लौटना पड़ गया है।
