विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

महोबा में काल बनी रफ्तार: 90 की स्पीड और बिना हेलमेट... आपस में भिड़ीं दो बाइकें, 3 की मौत से मचा कोहराम

Published: Mon, 04 May 2026 09:11 PM (IST)

महोबा के कुलपहाड़ में दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में छह लोग घायल हो गए। हादसे में तीन लोगों ...और पढ़ें

अस्पताल में घायल का इलाज करते चिकित्सक। जागरण

अस्पताल में घायल का इलाज करते चिकित्सक। जागरण

HighLights

  1. 80-90 की रफ्तार से जा रहे थे बाइक सवार, नहीं लगाए थे हेलमेट

  2. कस्बा कुलपहाड़ के स्टेशन रोड मिशन स्कूल के पास हुआ हादसा

संवाद सहयोगी, कुलपहाड़(महोबा)। बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में दोनों में सवार छह लोग घायल हो गए। सीएचसी कुलपहाड़ से सभी को जिला अस्पताल रेफर किया गया। यहां तीन को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। उनके सिर में गंभीर चोटें आईं।

वहीं घायलों का उपचार चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों बाइक सवार करीब 80-90 की रफ्तार से थे और हेलमेट भी नहीं लगाए थे। जिससे यह हादसा हो गया। हेलमेट लगाए होते तो शायद उनकी जान बच सकती थी।

थाना कुलपहाड़ के ग्राम सुगिरा निवासी कैलाश का 30 वर्षीय पुत्र उमेश सोमवार की सायं करीब साढ़े छह बजे अपने चाचा 35 वर्षीय विजय उर्फ बाबू व 30 वर्षीय मामा साजन के साथ भांजे संदीप के मंडप कार्यक्रम में कस्बा बेलाताल जा रहा था। रास्ते में कुलपहाड़ स्टेशन रोड पर मिशन स्कूल के पास नौगांव मप्र की ओर से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई।

जिससे दोनों बाइकें क्षतिग्रस्त हो गईं। दूसरी बाइक में सवार 25 वर्षीय बलदाऊ निवासी ग्राम गुढ़ा अजनर, 55 वर्षीय रामपाल व उसका पुत्र 25 वर्षीय चंद्रभान निवासीगण ग्राम नैगवां थाना नौगांव मप्र घायल हो गए। राहगीरों की मौके पर भीड़ एकत्र हो गई और सूचना थाना कुलपहाड़ में दी गई।

मौके पर पुलिस पहुंची ने घायलों को दो एंबुलेंसों से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुलपहाड़ भिजवाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। लेकिन यहां उमेश, बलदाऊ व रामपाल को मृत घोषित कर दिया गया। उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। वहीं अन्य का उपचार किया जा रहा है।

प्रभारी निरीक्षक कुलपहाड़ विनोद सिंह ने बताया कि हादसे में सभी घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया गया था। आगे की कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें- इटावा में डबल सुसाइड: भाभी ने की आत्महत्या, 12 घंटे बाद देवर ने भी दे दी जान