विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

महोबा में 46 डिग्री से ऊपर पारा, 793 मरीज अस्पताल पहुंचे, दो वरिष्ठजनों की मौत

Published: Fri, 22 May 2026 02:15 PM (IST)

महोबा में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के पार होने से भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है, जिससे डीहाइड्रेशन और अन्य ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. महोबा में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचा

  2. जिला अस्पताल में 793 मरीज, 100 बच्चे भर्ती

  3. भीषण गर्मी से दो वरिष्ठ नागरिकों की मौत हुई

जागरण संवाददाता, महोबा। जिले में इन दिनों तापमान 46 डिग्री के पार पहुंच गया है। तेज धूप के चलते लोगों की त्वचा झुलस रही है। लू के थपेड़ों से लोग बेहाल है और डीहाइड्रेशन, उल्टी दस्त व घबराहट के मरीज बढ़े है। गुरुवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में 793 मरीजों का रजिस्ट्रेशन किया गया। इसमें करीब 100 बच्चे शामिल थे। ओपीडी में बंद होने के बाद इमरजेंसी में भी मरीजों ने उपचार कराया। चिकित्सकों ने दोपहर में तेज धूप में न निकलने की सलाह दी है।
मई के अंतिम दिनों में गर्मी अपने पूरे शबाब पर है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 46.1 व न्यूनतम 32.6 डिग्री सेल्सियस रहा। हाल यह है कि कूलर व पंखों ने भी गर्म हवा देना शुरू कर दिया है। दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहने से व्यापार प्रभावित हो रहा है। जिला अस्पताल में 793 मरीजों का पंजीयन किया गया। अन्य सरकारी और निजी अस्पतालों में भी बड़ी संख्या में मरीज उपचार कराने को पहुंचे।

जिले के ग्राम बसौठ निवासी 70 वर्षीय केशरानी बुधवार को खेत की ओर जा रही थी। तभी तेज धूप से उसकी हालत बिगड़ी। चक्कर आने पर वह गिर पड़ी। स्वजन उसे जिला अस्पताल लाए और यहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मृत्यु का कारण स्पष्ट हो सकेगा। वहीं जिले के ग्राम मुढ़ारी निवासी 70 वर्षीय शिवदीन को घर में घबराहट होने पर जिला अस्पताल लाया, लेकिन उनकी पहले ही मृत्यु हो चुकी थी।

वहीं कस्बा बेलाताल निवासी 20 वर्षीय रौनक राजपूत की गर्मी से पूरी पीठ झुलस गई। चिकित्सक डा. हेमंत यादव ने बताया कि गर्मी और तापमान बहुत अधिक बढ़ता जा रहा है। ऐसे मौसम में घर पर ही रहे धूप में न निकलें, सफर में जाना हो तो रात का सफर करें, घर का ताजा भोजन करें, शीतल पेय पदार्थ का सेवन अधिक करें, फलों का सेवन करें, सुबह और शाम टहलें, ठंडी तासीर वाली चीजों का सेवन अधिक करें, ओआरएस, ग्लूकोज, नींबू पानी, शिकंजी जरूर पिएं, बीपी के मरीज खास ध्यान दें।

गुरुवार को ये रहा तापमान

  • समय---------तापमान
  • सुबह 8 बजे ---42
  • सुबह 11 बजे  ---44
  • दोपहर तीन बजे  ---46.1
  • शाम पांच बजे --- 46