विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

UP के मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह की बीजेपी विधायक बृजभूषण से जोरदार बहस, सुरक्षाकर्मी भी आपस में भिड़े; VIDEO आया सामने

By Abhishek DwivediEdited By: Anurag Shukla
Published: Fri, 30 Jan 2026 05:15 PM (GMT+05:30)

UP Politics: महोबा में जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का काफिला चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत ने रोक लिया। विधायक ने जल जीवन मिशन के तहत काम न होने और सड़कों की खुदाई से ग्रामीणों को हो रही परेशानी का आरोप लगाया। दोनों के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जिसमें सुरक्षाकर्मी भी भिड़ गए। बाद में एमएलसी जितेंद्र सिंह सेंगर की मध्यस्थता से मामला शांत हुआ और सभी कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां बंद कमरे में बात हुई।

HighLights

  1. करीब 100 ग्राम प्रधानों के साथ पहुंचे विधायक, पुलिस कर्मियों व समर्थकों के बीच हुई तीखी झड़प

  2. एमएलसी व अधिकारियों की मौजूदगी में कलेक्ट्रेट में हुई बैठक के बाद शांत हो सका मामला

जागरण संवाददाता, महोबा। UP Politics: उत्तर प्रदेश के महोबा में सियासी हलचल देखने को मिली। जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को भाजपा विधायक के विरोध का सामना करना पड़ा। चरखारी के भाजपा विधायक ने जब मंत्री से कड़े सवाल पूछे तो कार्यकर्ताओं ने भी हंगामा शुरू कर दिया। ऐसे में मंत्री और विधायक के सुरक्षाकर्मियों के बीच भी तनातनी शुरू हो गई।

बुंदेलखंड में जल जीवन मिशन की क्या स्थिति है, इसकी तस्वीर खुद भाजपा के चरखारी विधायक ने सामने ला दी। हालात यह हुए कि सरकार के ही दो नुमाइंदों में विवाद हो गया। उप्र के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह शुक्रवार को महोबा पहुंचे। वह शहर के रामश्री महाविद्यालय में आयोजित एबीवीपी (अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद) के युवा उद्घोष कार्यक्रम में हिस्सा लेकर लौट रहे थे। तभी चरखारी के भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत ने करीब 100 प्रधानों व समर्थकों सहित उनका काफिला रोक लिया।

विधायक ने मंत्री से कहा कि जल जीवन मिशन के तहत कोई काम नहीं हुए है और 40 से अधिक गांवों की सड़कों को खोदकर छोड़ दिया गया है। जिससे ग्रामीणों को परेशानी हो रही है। अधिकारी उनकी बात नहीं सुनते। इस पर नोंकझोंक हुई और मंत्री ने कहा कि जिन गांवों में समस्या है वह उन गांवों में जाएंगे और दोषी अधिकारियों को सस्पेंड किया जाएगा। पुलिस कर्मियों की समर्थकों से तीखी बहस हुई। दोनों के सुरक्षाकर्मियों में भी तनातनी शुरू हो गई। पुलिस अधिकारियों को स्थिति संभालने में मशक्कत करनी पड़ी।

प्रभारी निरीक्षक शहर कोतवाली मनीष पांडेय से विधायक समर्थक भिड़ गए। विधायक और मंत्री कार में बैठे और उनके बीच वार्ता हुई। विधायक ने अपने समर्थकों से कलेक्ट्रेट जाने के लिए कहा। हालांकि साथ में मौजूद एमएलसी जितेंद्र सिंह सेंगर व अधिकारियों ने विधायक व मंत्री से बात की। इसके बाद सभी लोग कलेक्ट्रेट पहुंचे। मंत्री से विधायक समर्थकों ने जमीनों पर कब्जा की बात कही। मंत्री भीड़ को धकियाते हुए कार में बैठे।

उधर कलेक्ट्रेट के बंद कमरे में बातचीत हुई और मीडिया को नहीं जाने दिया गया। कोई बड़ा बवाल न हो इसके लिए जिले के सभी थानों की पुलिस को कलेक्ट्रेट गेट के बाहर तैनात कर दिया गया। बाद में मंत्री सुरक्षा घेरे में अमानपुरा महोबकंठ में आयोजित कार्यक्रम के लिए रवाना हो गए। विधायक डा. बृजभूषण राजपूत भी बाद में यहां से चले गए। इसके बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली।

 

मंत्री और विधायक के बीच हुई बात

मंत्री/विधायक संवाद
मंत्री जहां कोई शिकायत है, वहां मुझे लेकर चलो। उस गांव में मैं खुद चलता हूं। अपने कार्यक्रम छोड़कर चलता हूं। चलो, यदि कमी मिली तो संबंधित पर कार्रवाई की जाएगी।
विधायक एक मिनट-एक मिनट... 40 से 50 गांव हैं।
मंत्री मैं 40 गांवों में चलूंगा। मैं सभी जगह चेक करने चलूंगा। मेरे साथ अफसर हैं। सभी जगह देखूंगा। अफसरों की लापरवाही होगी, तो सस्पेंड कर दूंगा।
विधायक भाई साहब सड़कें खुदी पड़ी हैं। रास्ते खुदे पड़े हैं। भाई साहब...
मंत्री सड़कें खुदी रहेंगी तब भी मैं अफसरों को सस्पेंड कर दूंगा। मैं गांवों में चलने को तैयार हूं, चलो न मेरे साथ।



प्रधानों के साथ काफिले को रोका गया था। जल जीवन मिशन के तहत काम नहीं हुए है। इसकी तमाम शिकायतें मेरे पास आईं। सड़कों को खोदकर छोड़ दिया गया है। जिससे लोगों को परेशानी हो रही है। काम न होने तक जिसका भी काफिला रोकना पड़े उसका रोका जाएगा। लोगों की समस्याओं का हर हाल में निराकरण कराया जाएगा।
- डा. बृजभूषण राजपूत, विधायक चरखारी।

 

जिन गांवों में समस्या है इससे अवगत कराया जाए। गांवों का निरीक्षण कर जहां कमी मिलेगी या काम पूरा नहीं होगा तो संबंधित अधिकारियों को सस्पेंड किया जाएगा।
- स्वतंत्र देव सिंह, मंत्री।


समर्थकों की कोतवाल व एसडीएम से हुई झड़प

विधायक बृजभूषण राजपूत की सदर कोतवाल मनीष पांडे से भी तीखी झड़प हुई। विधायक ने कोतवाल को गाड़ी के आगे से हटने के लिए कहा। इसके बाद विधायक के समर्थक से भी कोतवाल की तीखी नोंकझोंक हुई। समर्थक ने कहा कि आप बद्तमीजी कर रहे हैं। इस पर कोतवाल सख्ती हुए बाद में दोनों को समझाया गया। एसडीएम सदर शिवध्यान पांडे और विधायक बृजभूषण राजपूत की झड़प हो गई। एसडीएम विधायक से कहने लगे कि आप गाड़ियां हटा लें। जिसपर विधायक ने कहा- कोई भी गाड़ी नहीं हटेगी। जब तक मंत्री से मुलाकात नहीं होगी, कोई कहीं नही जाएगा।

यह भी पढ़ें- UGC बिल पर कन्नौज में अखिलेश यादव का हमला: PDA की ताकत से घबराई सरकार, जानबूझकर शंकराचार्य का किया अपमान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।