दिल्ली तक पहुंची महोबा के 'देसावरी पान' की मिठास, PM मोदी से मिलीं कृषि वीर मयंकिता चौरसिया
महोबा की मयंकिता चौरसिया ने दिल्ली में भारत एग्रीकल्चर कांफ्रेंस में जीआई टैग प्राप्त देसावरी पान का प्रतिनिधित्व किया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पीछे खड़ी मयंकिता
HighLights
मयंकिता चौरसिया को कृषि वीर सम्मान मिला, देसावरी पान का प्रतिनिधित्व।
प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात कर पान उत्पादों पर चर्चा की।
देसावरी पान से रोजगार सृजन, गुजरात-दिल्ली से मांग।
जागरण संवाददाता, महोबा। बुंदेलखंड के महोबा की पहचान जीआई टैग प्राप्त देसावरी पान की गूंज अब दिल्ली के राष्ट्रीय मंच तक पहुंच गई है। महोबा की बेटी मयंकिता चौरसिया को भारत एग्रीकल्चर कांफ्रेंस में कृषि वीर के तौर पर सम्मानित किया गया। 11-12 नवंबर को दिल्ली में आयोजित इस सम्मेलन में देश भर से चुने गए मात्र 14 प्रगतिशील किसानों में मयंकिता का चयन महोबा के लिए बड़ी उपलब्धि है।
पहले दिन मयंकिता को केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्री चिराग पासवान के साथ दीप प्रज्वलन का अवसर मिला। उन्होंने मुख्य मंच से महोबा के देसावरी पान की विरासत, खेती के संघर्ष और संरक्षण के लिए किए जा रहे नवाचारों पर अपनी बात रखी। इस दौरान हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से भी मुलाकात कर कृषि मुद्दों पर चर्चा की।
दूसरे दिन उन्होंने सांसद मनोज तिवारी को महोबा के देसावरी पान का स्वाद चखाया, जिसकी उन्होंने सराहना की। सम्मेलन का सबसे खास पल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात रही। मयंकिता ने पीएम को बताया कि उन्होंने महोबा के पारंपरिक देसावरी पान को सिर्फ खेती तक सीमित न रखकर रोजगार और उद्यम का जरिया बनाया है।
गुजरात से गुलकंद और दिल्ली से लड्डू-चॉकलेट की आई डिमांड
पान से पाउडर, मुखवास और हर्बल उत्पाद तैयार किए हैं, जिनकी बाजार में अच्छी मांग है। इससे पान की खेती को नई पहचान मिल रही है और ग्रामीण महिलाओं को रोजगार मिल रहा है। मयंकिता ने बताया कि पीएम से कुछ सेकंड की ही बात हुई, लेकिन वह जीवन का यादगार पल रहा।
मयंकिता के पिता राजकुमार चौरसिया ने बताया कि उनकी वेबसाइट बीटेल-लाइफ पर रोजाना आर्डर आ रहे हैं। बेटी मयंकिता चौरसिया ने आयुर्वेद की किताबों से सीखकर पान से शुगर फ्री लड्डू, चाकलेट और मुखवास तैयार किए हैं, जिन्हें डायबिटिक मरीज भी खा सकते हैं। केंद्र सरकार ने 2021 में देसावरी पान को जीआई टैग दिया था।
तब से इसके उत्पादों को राष्ट्रीय पहचान मिली है। गुजरात से गुलकंद और दिल्ली से लड्डू-चाकलेट की डिमांड आई है। लोग त्योहार पर पारंपरिक मिठाई की जगह पान के उत्पादों को गिफ्टिंग के लिए पसंद कर रहे हैं। मयंकिता बताती हैं कि देसावरी पान अपनी अनूठी खुशबू, कोमलता, कम रेशे और औषधीय गुणों के लिए प्रसिद्ध है।
एफपीओ के जैविक बाजार में पान और इसके उत्पादों की दुकान संचालित हो रही है, जहां रोज 50-60 ग्राहक आते हैं। कोरियर और बसों के माध्यम से उत्पाद गुजरात-दिल्ली समेत अन्य जगहों पर भेजे जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें- अब 36 मिनट में पूरा होगा आनंद विहार से बेगमपुल का सफर, 16 नवंबर से दौड़ेंगी दिल्ली-मेरठ नमो भारत की फास्ट ट्रेनें
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।