महोबा के सूपा गांव में महिलाओं का शराब दुकान पर तांडव, 55 पेटी शराब नष्ट, 40 हजार नकदी गायब
चरखारी के सूपा गांव में 20 से अधिक महिलाओं ने लाठियां लेकर देशी शराब की दुकान में तोड़फोड़ की, जिससे ...और पढ़ें

दुकान के बाहर शराब को बर्बाद करतीं महिलाएं। ग्रामीण
HighLights
सूपा गांव में महिलाओं ने देशी शराब की दुकान तोड़ी।
55 पेटी शराब बर्बाद हुई, 40 हजार रुपये नकद गायब।
युवाओं को शराब से बचाने के लिए महिलाओं ने किया विरोध।
संवाद सहयोगी, चरखारी(महोबा)। थाना क्षेत्र के ग्राम सूपा में महिलाएं लाठियां लेकर देशी शराब की दुकान पर पहुंच गईं और तोड़फोड़ शुरू कर दी। उन्होंने दुकान में रखी शराब की बोतलें व पाउच तोड़ दिए और बाहर फेंक दिया। सेल्समैन ने 55 पेटी शराब बर्बाद होने और 40 हजार नकदी गायब होने की बात कही। वहीं मौके का फायदा उठाकर ग्रामीण बड़ी मात्रा में शराब अपने साथ ले गए।
घटना का वीडियो भी इंटरनेट मीडिया में जमकर प्रचलित हुआ। प्रभारी थानाध्यक्ष चरखारी रमेश यादव ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। जांच की जा रही है। वहीं आबकारी अधिकारी अतुल सिंह ने भी जांच कराने की बात कही है।
ग्राम सूपा में देशी शराब की दुकान पर 20 से अधिक महिलाओं ने लाठियों से हमला बोल दिया। सेल्समैन अजय कुमार कुछ समझ पाता, इससे पहले ही महिलाएं दुकान में तोड़फोड़ करने लगीं। सेल्समैन विरोध करने के बजाय वहां से चला गया। करीब 20 मिनट तक चली तोड़फोड़ में महिलाओं ने दुकान में रखी शराब की शीशियां व पाउच तोड़कर बाहर फेंक दिए।
महिलाओं का कहना था कि गांव में शराब की दुकान से उनके घर के युवा शराब के लती हो रहे हैं, इसलिए ठेका हटाया जाए। इस दौरान गांव के कुछ लोग पहुंचे और बिखरी शराब उठाकर ले गए। पुलिस मौके पर पहुंची और महिलाओं को शांत करा दुकान बंद कराई। सेल्समैन अजय ने बताया कि 55 पेटी शराब बर्बाद हुई है और गोलक में रखे करीब 40 हजार रुपये भी गायब हैं। उसके मुताबिक वह कुछ समझ ही नहीं पाया कि आखिर हुआ क्या है।
प्रभारी थानाध्यक्ष चरखारी एसआई रमेश कुमार यादव ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। जांच की जा रही है। जिला आबकारी अधिकारी अतुल सिंह ने बताया कि मौके पर जाकर मामले की जांच कर कार्रवाई कराई जाएगी।
