महोबा में थाने में हुआ अनोखा समझौता, पहली पत्नी को अलग मकान में रखेगा पति
कबरई, महोबा में पति-पत्नी के बीच दूसरी शादी और भरण-पोषण का विवाद थाने में एक अनोखे समझौते से सुलझ गया। पति फिरोज अब पहली पत्नी अर्शी को अलग किराए के मकान में रखेगा, बच्चों का खर्च उठाएगा और सप्ताह में तीन दिन उसके साथ रहेगा।
-1795947413039_m.webp)
यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।
HighLights
पति-पत्नी का विवाद थाने में अनोखे समझौते से सुलझा।
पति पहली पत्नी को अलग किराए के मकान में रखेगा।
बच्चों का खर्च उठाएगा, सप्ताह में तीन दिन साथ रहेगा।
संवाद सूत्र, कबरई। जिले के कस्बा कबरई में दूसरी शादी और भरण-पोषण को लेकर चल रहा विवाद थाने में हुए अनोखे समझौते के बाद समाप्त हो गया। दोनों पक्षों में करीब छह माह से विवाद चल रहा था। पति ने पहली पत्नी को अलग किराए के मकान में रखने, बच्चों का खर्च उठाने और सप्ताह में तीन दिन साथ रहने की सहमति दी है।
यह अनोखा समझौता चर्चा का विषय बना हुआ है। कस्बा कबरई के मुहल्ला विवेकनगर निवासी अर्शी ने पति फिरोज पर दूसरी शादी करने और भरण पोषण से मुकरने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की थी। उसके पिता अजीज अहमद ने आरोप लगाया था कि बेटी व बच्चों को साथ रखने के एवज में पति फिरोज 20 लाख रुपयों की मांग कर रहा है। आरोप है कि फिरोज ने दूसरी शादी जबलपुर निवासी महिला से की थी।
मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाया। उनकी काउंसलिंग की गई और बाद में समझौता हो गया। अब फिरोज पहली पत्नी अर्शी को अलग किराए के मकान में रखेगा और बच्चों के भरण पोषण और अन्य जरूरी जिम्मेदारी उठाएगा। अर्शी का वर्तमान में 14 माह का बेटा है और वह वर्तमान में आठ माह की गर्भवती है।
थानाध्यक्ष कबरई संतोष सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों को थाने बुलाकर समझौता कराया गया। आपसी सहमति बनी। पति ने पहली पत्नी के साथ सप्ताह में तीन दिन रहने और उसके सभी जरूरी खर्च उठाने की सहमति दी है।
यह भी पढ़ें- महोबा में खाद न मिलने पर किसानों का फूटा गुस्सा, कानपुर-सागर हाईवे पर लगाया जाम