विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

महोबा में खाद न मिलने पर किसानों का फूटा गुस्सा, कानपुर-सागर हाईवे पर लगाया जाम

Published: Mon, 23 Nov 2026 11:24 PM (IST)

महोबा के श्रीनगर में खाद न मिलने से नाराज किसानों ने कानपुर-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। 

जाम लगाए किसानों से वार्ता करती पुलिस

जाम लगाए किसानों से वार्ता करती पुलिस

HighLights

  1. श्रीनगर में खाद न मिलने पर किसानों ने किया हाईवे जाम।

  2. पुलिस के आश्वासन पर आधे घंटे बाद यातायात हुआ सामान्य।

  3. कुलपहाड़, महोबकंठ में भी खाद वितरण में अनियमितता की शिकायत।

जागरण संवाददाता, महोबा। खाद न मिलने से परेशान सैकड़ों किसानों ने श्रीनगर कस्बे के थाने के पास कानपुर-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया। कुछ ही देर में सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी-लंबी लाइनें लग गईं।

किसानों ने जमकर नारेबाजी की। हालांकि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर किसानों को समझाया और करीब आधा घंटे बाद यातायात सामान्य हुआ। उधर कुलपहाड़ व महोबकंठ समितियों में भी खाद के लिए मारामारी रही।

श्रीनगर के किसान अखिलेश व राकेश ने बताया कि खेतों की बोआई का समय चल रहा है। पिछले एक सप्ताह से खाद वितरण केंद्र का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन मायूस लौटना पड़ रहा है। सोमवार सुबह किसान रोज की तरह केंद्र पहुंचे, जहां खाद न मिलने से आक्रोशित होकर हाईवे में थाने के सामने जाम लगा दिया।

प्रदर्शन करते हुए कस्बे के बस स्टैंड पहुंच गए और नारेबाजी की। जाम में कई राहगीर और वाहन फंस गए। एसआई संदीप विमल व प्रशांत दीक्षित मौके पर पहुंची शीघ्र खाद दिलाने का आश्वासन देकर यातायात सामान्य कराया। उधर कुलपहाड़ साधन सहकारी समिति व जैतपुर सहकारी संघ में पांच-पांच सौ बोरी खाद के लिए तीन हजार किसान मौजूद रहे।

पर्ची वितरण समय से नहीं किया गया। जैतपुर संघ में लाइन में खड़े किसान राजबहादुर, विक्रम सिंह, हरिओम ने बताया कि पुलिस कर्मी पर्ची वितरण कर रहे थे, सिफारिश पर अपने चहेतों को पर्ची दी गई। बिहार ग्राम के शिवपाल, देवीदीन, अखिलेश ने बताया कि कार्तिक व्रत करने वाली सैकड़ों महिलाएं लाइन में खड़ी रहीं पर उन्हें पर्ची नहीं मिली। किसानों ने नारेबाजी की।

किसान जयसिंह ने एसडीएम कुलपहाड़ आदेश सिंह सागर को फोन कर खाद वितरण में अनियमितता की शिकायत की। उन्होंने समस्या के समाधान का भरोसा दिया। उधर महोबकंठ में भी मारामारी रही। ज्यादातर समितियों में ताले नजर आए।

यह भी पढ़ें- बुंदेलखंड फोर्ट सर्किट से ऐतिहासिक धरोहरों को नया जीवन, महोबा में पर्यटन विकास से मिलेगा रोजगार को बढ़ावा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।