'करती हूं मैं प्यार सिर्फ संडे को' गाने पर ऑर्केस्ट्रा नाइट में भीड़ हुई बेकाबू, महोबा पुलिस ने किया लाठीचार्ज
महोबा के कुलपहाड़ में जल विहार महोत्सव के समापन पर ऑर्केस्ट्रा नाइट में 'करती हूं मैं प्यार सिर्फ संडे को' गाने पर भीड़ बेकाबू हो गई।
HighLights
कुलपहाड़ में जल विहार महोत्सव के समापन पर हंगामा।
ऑर्केस्ट्रा नाइट में 'संडे को प्यार' गाने पर भीड़ बेकाबू।
मंच पर चढ़ने के प्रयास पर पुलिस ने किया लाठीचार्ज।
जागरण संवाददाता, महोबा। कस्बा कुलपहाड़ में नगर पंचायत के 9 दिवसीय जल विहार महोत्सव का समापन हंगामे के साथ हुआ। रविवार रात बालीवुड स्वीट नाइट आर्केस्ट्रा में दिल्ली की डांस पार्टी की प्रस्तुति के दौरान फिल्मी गाने करती हूं मैं प्यार सिर्फ संडे को पर भीड़ बेकाबू हो गई।
कुछ युवकों ने मंच पर चढ़ने और महिला कलाकारों के कमरे में घुसने का प्रयास किया। समझाने पर भी युवक नहीं थमा तो पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।
20 सेकेंड का वीडियो वायरल
पुलिस कर्मियों को लाइियां चलाते हुए लोग इधर-उधर भागने लगे। इसका 20 सेकेंड का वीडियो भी इंटरनेट मीडिया में जमकर प्रचलित हो रहा है। जिसमें पुलिस कर्मी 7-8 बार लाठियां भांजते हुए दिख रहा है।
उधर सीओ कुलपहाड़ अनुरूद्ध कुमार का कहना है कि कुछ अराजकतत्वों द्वारा महिला कलाकारों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया।
मंच पर चढ़ने का प्रयास किया जा रहा था, जिसके कारण वहां अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हो गई। पुलिस द्वारा तत्काल नियंत्रण स्थापित करने के लिए हल्का बल प्रयोग कर स्थिति को नियंत्रित किया गया। तथ्यों की भी जांच की जा रही है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
