NEET छात्रा के अपहरण और दुष्कर्म मामले में सियासत, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष पहुंचे महोबा, पीएम नरेन्द्र मोदी पर की अमर्यादित टिप्पणी
महोबा में नीट छात्रा के अपहरण और दुष्कर्म मामले में सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ...और पढ़ें
-1779450048508_m.webp)
महोबा में नीट छात्रा के परिवार से मिलने जाते कांग्रेस प्रदेशध्यक्ष अजय राय। जागरण
HighLights
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय महोबा पहुंचे
पीएम मोदी और पुलिस पर अमर्यादित टिप्पणी की
छात्रा की शादी का वीडियो वायरल, जांच जारी
जागरण संवाददाता, महोबा। शहर में किराए के मकान में रहकर नीट की तैयारी कर रही छात्रा के अपहरण और दुष्कर्म मामले में अब सियासत शुरू हो गई है। शुक्रवार की सुबह करीब 10 बजे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कार्यकर्ताओं को फोन किया और दोपहर करीब एक बजे वह महोबा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पीएम नरेन्द्र मोदी पर अमर्यादित टिप्पणी भी की।
उन्होंने प्रदेश सरकार और पुलिस पर निशाना साधते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को 50 लाख का मुआवजा दिया जाए और आरोपितों के घर बुलडोजर चले। आरोप लगाया कि छात्रा को 16 दिनों तक बंधक बनाकर इंजेक्शन दिए गए, प्रताड़ित किया गया और जबरन उसकी शादी कराई गई, लेकिन पुलिस निष्क्रिय रही और अपराधियों को संरक्षण देती रही। छात्रा का सपना डाक्टर बनने का था और तीन मई को उसकी परीक्षा थी, जो इस घटना के कारण बाधित हो गई। प्रदेश सचिव बृजराज सिंह ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष का पूर्व से कोई कार्यक्रम निर्धारित नहीं था।
लखनऊ रवाना हुए
उन्होंने सुबह फोन किया और दोपहर में पीड़ित परिवार से मिलकर लखनऊ के लिए रवाना हो गए। नीट की तैयारी कर रही छतरपुर मप्र के एक ग्राम की 25 वर्षीय छात्रा को 16 दिनों बाद पुलिस ने बरामद किया। उसने 30 अप्रैल को लाइब्रेरी से कमरे आते समय खुद के अपहरण व दुष्कर्म के साथ ही कई गंभीर आरोप लगाए थे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया और उसके गांव के ही मोहित श्रीवास, अंकित श्रीवास व संतराम श्रीवास को हिरासत में लेकर उन्हें जेल भेज दिया।
गृहमंत्री को लिखा था पत्र
इसके पूर्व 10 मई को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कार्रवाई के लिए गृह मंत्री को पत्र लिखा था। 18 मई को इंटरनेट मीडिया में शादी के वीडियो और फोटो प्रचलित हुए थे। वीडियो में छात्रा आरोपित मोहित के साथ वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच विवाह करती दिखाई दे रही है। कह रही है कि वह मर्जी से शादी कर रही है। उधर एएसपी वंदना सिंह का कहना है कि वीडियो फोटो की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इंटरनेट मीडिया पर दो वीडियो वायरल
नीट की तैयारी कर रही दुष्कर्म पीड़िता छात्रा के स्वजन से मिलने के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय लखनऊ के लिए रवाना हो गए। उनके जाते ही इंटरनेट मीडिया में दो वीडियो प्रचलित हो रहे हैं। जिनमें वह प्रधानमंत्री और महोबा पुलिस अधीक्षक को अमर्यादित टिप्पणी करते हुए सुनाई दे रहे हैं।
एसपी के लिए बोला आपत्तिजनक शब्द
बताया गया है कि पीड़ित परिवार से मिलने जाते समय रास्ते में एक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किसी मामले में पुलिस की शिकायत की। इस पर प्रदेश अध्यक्ष ने एसपी के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद लौटते समय भी उनका एक अन्य वीडियो सामने आया, जिसमें वह प्रधानमंत्री के विरुद्ध अमर्यादित टिप्पणी करते दिख रहे हैं।
