महोबा के कबरई में 350 फीट ऊंचे पहाड़ से कूदा युवक, बचाव अभियान जारी
कबरई, महोबा में एक 46 वर्षीय व्यक्ति 350 फीट ऊँचे पहाड़ से कूद गया, जिसके बाद से वह लापता है। ...और पढ़ें

इसी पहाड़ से कूदा युवक, जांच कर रही पुलिस। जागरण
संवाद सूत्र, कबरई(महोबा)। घर के पास स्थित करीब 350 फीट ऊंचे पहाड़ से युवक ने छलांग लगा दी। यह देखकर आसपास मौजूद लोग दंग रह गए और इसकी सूचना पुलिस को दी। खदान में पानी भरा होने से युवक का कुछ पता नहीं चल सका है और स्थानीय गोताखोर रेस्क्यू कर रहे हैं। स्वजन घटना के कारणों के बारे में कुछ नहीं बता पा रहे। वहीं पुलिस का कहना है कि घरेलू विवाद सामने आया है। जांच की जा रही है। घटना से स्वजन बदहवास हैं।
कस्बा कबरई के मुहाल आंबेडनगर नगर निवासी 46 वर्षीय अशोक शर्मा बुधवार को घर के पास स्थित करीब 350 फीट ऊंचे रमकुंडा पहाड़ से कूद गया। यह देखकर आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और इसकी सूचना थाना कबरई पुलिस को दी गई। पहाड़ की खदान में करीब 70-80 फीट पर पानी भरने से अभी तक उसका कुछ पता नहीं चल सका है। पुलिस गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू कर रही है।
छोटे भाई धर्मेंद्र के मुताबिक उसने यह कदम क्यों उठाया, यह पता नहीं है। वह घर से दुकान सामान लेने गया था, तभी वह पहाड़ से कूद गया। हालांकि ग्रामीणों में चर्चा है कि वह शराब का आदी था। वह मजदूरी करता था और शादी भी नहीं हुई थी।
थानाध्यक्ष सत्यवेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि युवक शराब का लती था। स्वजन के साथ उसका अक्सर विवाद होता रहता था। घरेलू कलह की बात सामने आ रही है। स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू किया जा रहा है। इसकी सूचना एसडीआरफ की टीम को भी दी गई है। उधर ग्रामीणों का कहना है कि जिस स्थान पर पहाड़ है, वहीं पर मुख्य रास्ता है। पूर्व में भी कई लोग, जानवर व वाहन इसमें गिर चुके हैं। रास्ते में पहाड़ के किनारे सुरक्षा के इंतजाम कर करीब 10 फीट ऊंची दीवार बनाई जाए।
