महोबा से मप्र ले जा रही अवैध पटाखों की पकड़ी खेप, 36.94 क्विंटल पटाखे बरामद, 4 गिरफ्तार, दो ट्रैक्टर और डीसीएम जब्त
पुलिस ने महोबा में उमरई मोड़ के पास से मध्य प्रदेश ले जाई जा रही 36.94 क्विंटल अवैध आतिशबाजी बरामद ...और पढ़ें

अवैध तरीके से पटाखे ले जाते आरोपित पुलिस गिरफ्त में। जागरण
HighLights
महोबा में 36.94 क्विंटल अवैध आतिशबाजी बरामद की गई
मध्य प्रदेश ले जाई जा रही खेप के साथ चार गिरफ्तार
पुलिस ने दो ट्रैक्टर और एक डीसीएम भी जब्त की
जागरण संवाददाता, महोबा। त्योहारों के पहले पुलिस ने अवैध पटाखों की खेप बरामद की है। महोबकंठ थाना पुलिस ने उमरई मोड़ के पास से मध्य प्रदेश ले जाई जा रही 36.94 क्विंटल अवैध आतिशबाजी बरामद कर चार लोगों को गिरफ्तार किया है। लाइसेंसी आतिशबाज ने निर्धारित क्षमता से अधिक पटाखे बनाकर रखे थे, जिसे दो ट्रैक्टर और एक डीसीएम से ले जाया जा रहा था। वाहनों को सीज कर पुलिस ने आरोपितों पर विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजा है।
गुरुवार की रात्रि सूचना पर पुलिस ने उमरई मोड़ के पास दबिश दी। यहां से मप्र की ओर जा रहे वाहनों को पकड़ा। तलाशी लेने पर 189 गत्ता माचिस पटाखा (2611.98 किग्रा) और 50 गत्ता सुतली बम (1082.90 किग्रा) बरामद हुए। परिवहन में प्रयुक्त दो ट्रैक्टर और एक डीसीएम भी जब्त की गई।
आरोपित जलालुद्दीन, रहीश सिद्दीकी, अरमान सिद्दीकी निवासीगण ग्राम कनकुआ थाना महोबकंठ व धर्मेंद्र राजपूत निवासी ग्राम टोडा पिहोर थाना करहरा जनपद शिवपुरी मप्र को पकड़ा।
पूछताछ में मुख्य आरोपित जलालुद्दीन ने बताया कि उसके पास लाइसेंस है, लेकिन क्षमता से अधिक आतिशबाजी रखी थी। इसे मध्य प्रदेश में बेचने के लिए ले जाया जा रहा था। वैध परिवहन अनुमति न दिखा पाने पर चारों के विरुद्ध विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। वाहनों के कागजात न होने पर उन्हें सीज किया गया। थाना महोबकंठ के प्रभारी निरीक्षक अर्जुन सिंह ने बताया कि आरोपितों को न्यायालय के समक्ष जेल भेजा गया है।
