महाराजगंज जिला अस्पताल के सिरप में मिला कीड़ा, अस्पताल के गेट पर बजरंग दल का धरना-प्रदर्शन
महराजगंज जिला अस्पताल से लिए गए सिरप में कीड़ा मिलने की शिकायत पर बजरंग दल ने अस्पताल गेट पर धरना-प्रदर्शन किया।

अस्पताल प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच टीम गठित की है, हालांकि उसी बैच के सिरप में कीड़े नहीं मिले।
HighLights
जिला अस्पताल के सिरप में कीड़ा मिलने की शिकायत।
बजरंग दल ने अस्पताल गेट पर किया जोरदार प्रदर्शन।
अस्पताल प्रशासन ने जांच टीम गठित कर कार्रवाई का आश्वासन।
जागरण संवाददाता, महराजगंज। जिला अस्पताल से लिए गए सिरप में कीड़ा मिलने की शिकायत पर बुधवार को बजरंग दल के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अस्पताल के गेट पर धरना-प्रदर्शन किया। इसके बाद जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन मुख्य चिकित्सा अधीक्षक और ज्वाइंट मजिस्ट्रेट को सौंपकर जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
राष्ट्रीय बजरंग दल के जिलाध्यक्ष विशाल कुमार पुष्कार ने बताया कि संगठन के जिला उपाध्यक्ष सत्यदेव की छह वर्षीय बेटी के दांत में दर्द था। वह मंगलवार को बच्ची को जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सक ने पर्चे पर दवाएं लिखीं। अस्पताल के दवा काउंटर से पीडियाट्रिक पैरासिटामाल सिरप, एंटीबायोटिक और मल्टीविटामिन लिया गया।
आरोप है कि बच्ची को सिरप पिलाने के बाद उसमें कीड़े दिखे और दवा पीने के बाद उसकी तबीयत अचानक और खराब हो गई। प्रदर्शन में सूरज तिवारी, श्याम पांडेय, नीरज गौंड़, धर्मेंद्र गिरी, शिवा, हरिओम, विष्णु साहनी और अविनाश शामिल रहे।
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. एके द्विवेदी ने बताया कि अस्पताल में उपलब्ध दवाओं की गुणवत्ता और एक्सपायरी की नियमित जांच होती है। सिरप में कीड़ा मिलने के आरोप को गंभीरता से लिया गया है। ड्रग वेयर हाउस में सुरक्षित रखे उसी बैच के सिरप की चीफ फार्मासिस्ट और डाक्टरों की मौजूदगी में जांच की गई, लेकिन किसी सिरप में कीड़े की पुष्टि नहीं हुई। सिरप एक्सपायर भी नहीं है। मामले की जांच के लिए टीम गठित की गई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।