विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

महराजगंज कोर्ट में तारीख पर गई विवाहिता से मारपीट, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

Published: Sat, 26 Sep 2026 01:54 PM (IST)Updated: Sat, 26 Sep 2026 02:47 PM (IST)

महराजगंज परिवार न्यायालय में भरण-पोषण के मुकदमे की तारीख पर पहुंची एक विवाहिता और उसके परिजनों पर मारपीट व गला ...और पढ़ें

HighLights

  1. महराजगंज कोर्ट में भरण-पोषण मुकदमे की तारीख पर विवाहिता से मारपीट।

  2. कचहरी परिसर में हुई घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल।

  3. पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू की, कार्रवाई का आश्वासन।

जागरण संवाददाता, महराजगंज। परिवार न्यायालय में चल रहे भरण-पोषण के मुकदमे की तारीख देखने पहुंची विवाहिता के साथ कचहरी परिसर में मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। वीडियो में दो युवक दो महिलाओं के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान एक बुजुर्ग भी एक युवक पर हाथ उठाते नजर आ रहे हैं। मामले में पीड़िता ने सदर कोतवाली में तहरीर देकर मारपीट और गला दबाकर जान से मारने के प्रयास का आरोप लगाया है।

पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के समरधीरा चौराहा निवासी प्रिया का विवाह बृजमनगंज थाना क्षेत्र के कोईलाडाड़ निवासी युवक से हुआ है। पीड़िता के अनुसार दहेज उत्पीड़न को लेकर उसने 29 जनवरी को अपने ही पति और ससुराल पक्ष के कुल पांच लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया था। साथ ही परिवार न्यायालय महराजगंज में भरण-पोषण का वाद भी चल रहा है।

पीड़िता के अनुसार, गुरुवार को उसी मुकदमे की तारीख थी। विवाहिता के पिता की गवाही होनी थी। दोपहर करीब दो बजे वह अपनी बहन और पिता के साथ कोर्ट रूम से निकलकर भूतल के हाल में पहुंची। आरोप है कि इसी दौरान पीछे से तीन लोग वहां पहुंचे और एकराय होकर उसके साथ मारपीट करने लगे।

विवाहिता ने आरोप लगाया कि इस दौरान उसका गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया गया। पिता और बहन ने बीच-बचाव किया तो उनके साथ भी मारपीट करने और नीचे गिराकर गला दबाने का प्रयास करने का आरोप है। शोर सुनकर कचहरी में मौजूद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।

यह भी पढ़ें- महराजगंज में रेलवे ट्रैक से लाल झंडी हटाना भूल गया गेटमैन, आधे घंटे रुकी रही मालगाड़ी

विवाहिता का आरोप है कि जाते समय आरोपितों ने मुकदमे में पैरवी करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद विवाहिता ने सदर कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की और वीडियो क्लिप भी पुलिस को उपलब्ध कराया है। सदर कोतवाल धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर-महराजगंज रूट पर चलेगी इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस, 28 सितंबर से मिलेगी सस्ती और आरामदायक सवारी