महराजगंज में रेलवे ट्रैक से लाल झंडी हटाना भूल गया गेटमैन, आधे घंटे रुकी रही मालगाड़ी
महराजगंज में एक मालगाड़ी को रेलवे ट्रैक पर लगी लाल झंडी देखकर लोको पायलट ने रोक दिया, जिससे करीब आधे ...और पढ़ें

लाल झंडी देख लोको पायलट ने रोकी मालगाड़ी। जागरण
HighLights
मालगाड़ी को लाल झंडी देखकर लोको पायलट ने रोका।
गेटमैन की लापरवाही से ट्रैक पर झंडी रह गई।
चालक और गेटमैन के बीच हुई नोकझोंक, जांच जारी।
संवाद सूत्र (कोल्हुई बाजार) महराजगंज। गोरखपुर-नौतनवा रेलखंड पर उस समय असहज स्थित उत्पन्न हो गई, जब रेलवे ट्रैक पर लगी लाल झंडी देखकर लोको पायलट ने मालगाड़ी को अचानक रोक दिया। कोल्हुई थाना क्षेत्र के भगीरथपुर रेलवे स्टेशन के पास गुरुवार की दोपहर मोगलहा ढाले पर हुई घटना के बाद मालगाड़ी करीब आधे घंटे तक खड़ी रही। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि ट्रैक पर लगी लाल झंडी को गेटमैन हटाना भूल गया था। ट्रेन रुकने के बाद चालक और गेटमैन के बीच लापरवाही को लेकर नोकझोंक भी हुई।
गोरखपुर से नौतनवा की ओर गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे मालगाड़ी गुजर रही थी। मोगलहा ढाले के पास लोको पायलट की नजर रेलवे ट्रैक पर लगी लाल झंडी पर पड़ी। खतरे का संकेत मानते हुए चालक ने तत्काल ब्रेक लगाकर मालगाड़ी रोक दी। अचानक ट्रेन रुकने से आसपास मौजूद लोगों में भी हलचल मच गई। जांच करने पर लाल झंडी ट्रेन के नीचे फंसी मिली, जो दबाव के कारण फट गई थी।
घटना के बाद रेलवे कर्मचारियों ने ट्रेन के नीचे से लाल झंडी को बाहर निकाला। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, झंडी हटाए जाने और घटना की स्थिति स्पष्ट होने में समय लगा। इसी दौरान चालक ने गेटमैन से ट्रैक पर लाल झंडी लगे रहने को लेकर नाराजगी जताई। दोनों के बीच कुछ देर तक नोकझोंक भी हुई। बाद में फटी हुई झंडी को ट्रेन के नीचे से निकालकर अलग किया गया।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर-महराजगंज रूट पर चलेगी इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस, 28 सितंबर से मिलेगी सस्ती और आरामदायक सवारी
मालगाड़ी के खड़े रहने के कारण मोगलहा ढाला बंद रहा। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। राहगीरों और वाहन चालकों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। करीब आधे घंटे बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने पर मालगाड़ी को रवाना किया गया।
इसके बाद ढाला खोले जाने पर सड़क यातायात सामान्य हो सका। रेलवे के पीडब्ल्यूआइ ओमप्रकाश ने बताया कि गेटमैन से हुई लापरवाही की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद तथ्य सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
