महराजगंज जेल से अमेरिकी नागरिक ट्रेविस फेलेन रिहा, अब निर्वासन की प्रक्रिया शुरू
महराजगंज जेल से अमेरिकी नागरिक ट्रेविस फेलेन को पर्यटक वीजा अवधि समाप्त होने के मामले में सजा पूरी होने के ...और पढ़ें

वीजा अवधि समाप्त होने के बाद भी भारत में रहने पर मिली थी चार माह 15 दिन की सजा। जागरण
HighLights
अमेरिकी नागरिक ट्रेविस फेलेन महराजगंज जेल से रिहा।
पर्यटक वीजा अवधि समाप्त होने पर काटी थी सजा।
जिला प्रशासन अब उसके निर्वासन की तैयारी में।
जागरण संवाददाता, महराजगंज। पर्यटक वीजा की अवधि समाप्त होने के बाद भी भारत में रहने के मामले में सजा काट रहे अमेरिकी नागरिक ट्रेविस एन्थोनी फेलेन गुरुवार को जिला कारागार से रिहा हो गया। सजा पूरी होने के बाद उसे जिला प्रशासन की ओर से पुलिस लाइन में ठहराया गया है। अब नियमानुसार उसके निर्वासन की कार्रवाई की जाएगी।
ट्रेविस को 30 मई 2026 को महराजगंज-फरेंदा मार्ग पर छतरी पुल के पास से पकड़ा गया था।
वह नेपाल जाने का प्रयास कर रहा था, लेकिन रास्ते को लेकर भ्रमित होने के कारण छतरी पुल के पास उतर गया था। तलाशी के दौरान उसके पास से अमेरिकी पासपोर्ट, पहचान पत्र और ई-टूरिस्ट वीजा से संबंधित दस्तावेज मिले थे।
फरेंदा पुलिस के अनुसार, ट्रेविस का पता 1015, 20वीं स्ट्रीट, सेक्रामेंटो 95811, मिसौरी, कैलिफोर्निया, अमेरिका दर्ज है। पर्यटक वीजा की अवधि समाप्त होने के बाद भी भारत में रहने के मामले में फरेंदा थाने में आव्रजन एवं विदेशी अधिनियम की धारा 23 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
न्यायालय ने उसे चार माह 15 दिन के कारावास की सजा सुनाई थी। जेल में बिताई गई अवधि को सजा में समायोजित किए जाने के बाद गुरुवार को उसे रिहा कर दिया गया।
यह भी पढ़ें- महराजगंज में ले. कर्नल मिथुन मिश्रा का कैडेट्स को संदेश, 'सकारात्मक सोच और कड़ी मेहनत से हासिल होगा लक्ष्य'
ट्रेविस के अधिवक्ता सुभाष पासवान ने बताया कि अब नियमानुसार अमेरिकी दूतावास से संपर्क कर जिला प्रशासन की ओर से उसके निर्वासन की कार्रवाई की जाएगी। अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने बताया कि उसे भारत में बिना वैध वीजा के रहने की अनुमति नहीं दी जा सकती, इसलिए उसे उसके देश भेजने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
