महराजगंज में ले. कर्नल मिथुन मिश्रा का कैडेट्स को संदेश, 'सकारात्मक सोच और कड़ी मेहनत से हासिल होगा लक्ष्य'
महराजगंज के सिसवा बाजार में 102 यूपी बटालियन द्वारा आयोजित विशेष प्रशिक्षण शिविर के पांचवें दिन कैडेट्स को सैन्य अनुशासन, ...और पढ़ें

कैडेट्स को असलहों के बारे में प्रशिक्षण देते लेफ्टिनेंट कर्नल मिथुन मिश्रा। जागरण
HighLights
कैडेट्स को सैन्य अनुशासन, नेविगेशन और हथियार संचालन का प्रशिक्षण।
राष्ट्रसेवा, यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता।
लेफ्टिनेंट कर्नल मिथुन मिश्रा ने कैडेट्स को लक्ष्य प्राप्ति हेतु प्रेरित किया।
संवाद सूत्र, सिसवा बाजार, (महराजगंज)। 102 यूपी बटालियन की ओर से परमहंस पाल महाविद्यालय गुरली में आयोजित विशेष प्रशिक्षण शिविर के पांचवें दिन कैडेट्स को सैन्य अनुशासन, नेविगेशन और हथियार संचालन का प्रशिक्षण दिया गया। लेफ्टिनेंट कर्नल मिथुन मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित शिविर में कैडेट्स ने राष्ट्रसेवा की भावना मजबूत करने के साथ यातायात नियमों के पालन और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया।
प्रशिक्षण के साथ वॉलीबाल मैच का भी आयोजन हुआ। दिन की शुरुआत सुबह की ड्रिल और शारीरिक प्रशिक्षण से हुई। कैडेट्स ने मार्चिंग, सावधान और विश्राम जैसी गतिविधियों का अभ्यास किया। इसके माध्यम से शारीरिक चुस्ती, एकाग्रता, आदेशों के पालन और सामूहिक तालमेल को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया।
प्रशिक्षण सत्र में 7.62 एमएम एसएलआर से संबंधित जानकारी देने के साथ मानचित्र के आधार पर दिशा और स्थान की पहचान करने तथा नेविगेशन की बुनियादी अवधारणाओं को समझाया गया। इसका उद्देश्य कैडेट्स में व्यावहारिक ज्ञान और परिस्थितियों के अनुसार निर्णय लेने की क्षमता विकसित करना रहा।
लेफ्टिनेंट कर्नल मिथुन मिश्रा ने कैडेट्स को सकारात्मक दृष्टिकोण, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प के साथ लक्ष्य प्राप्ति के लिए प्रयास करने को प्रेरित किया। उन्होंने राष्ट्रसेवा की भावना और अनुशासन को जीवन में अपनाने पर जोर दिया। इस दौरान यातायात व्यवस्था, सड़क सुरक्षा और नियमों के पालन के महत्व की जानकारी भी दी गई।
यह भी पढ़ें- महराजगंज के निचलौल में पहाड़ों के बीच विराजेंगी मां वैष्णो देवी, गुफा में होंगे दिव्य दर्शन
शिविर में सूबेदार सुमेर सिंह, कैंप सीनियर जेसीओ गुरनाम सिंह, सूबेदार आजाद खालिद, नायब सूबेदार अंगज कुमार, हवलदार महेश मीना, नायब सूबेदार स्वपन साहा, हवलदार अमर नाथ प्रजापति, सूबेदार घिगे विनोद बंसी, हवलदार संतोष कुमार, हवलदार यशवंत सिंह और सूबेदार जगताप अजीत ठाकुर मौजूद रहे।
