सोनौली बॉर्डर पर ट्रकों की कतार घटकर हुई तीन किमी, 702 मालवाहक वाहन भेजे गए नेपाल
भारत-नेपाल सीमा के सोनौली बॉर्डर पर मालवाहक वाहनों की निकासी तेज होने से ट्रकों की कतार घटकर लगभग तीन किलोमीटर रह गई है, जिससे चालकों को काफी राहत मिली है।

सोनौली बॉर्डर पर ट्रकों की कतार घटकर तीन किमी।
HighLights
सोनौली सीमा पर ट्रकों की कतार तीन किमी घटी।
शुक्रवार रात 702 मालवाहक वाहन नेपाल भेजे गए।
वाहन चालकों को जाम से मिली बड़ी राहत।
संवाद सूत्र, सोनौली। भारत-नेपाल सीमा के सोनौली सीमा पर मालवाहक वाहनों की निकासी तेज होने से जाम की समस्या में काफी राहत मिली है। शुक्रवार रात एक बजे तक भंसार खुला रहने के दौरान 702 मालवाहक वाहन नेपाल भेजे गए। इससे ट्रकों की कतार घटकर करीब तीन किलोमीटर रह गई। कई दिनों से जाम में फंसे वाहन चालकों ने राहत की सांस ली है।
नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन के कारण कई मार्गों के प्रभावित होने से सोनौली सीमा पर पिछले कई दिनों से मालवाहक वाहनों की लंबी कतार लगी हुई थी। इसके चलते चालकों को नेपाल में प्रवेश के लिए कई दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा था।
वहीं, 11 अक्टूबर से काठमांडू मार्ग पर बड़े वाहनों के आवागमन पर रोक के चलते बुकिंग बंद होने से सीमा पर ट्रकों की आमद में भी कमी आई है। सीमा पर अब करीब तीन किलोमीटर तक मालवाहक वाहन कतार में खड़े हैं।
इन वाहनों की कस्टम प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण टोकन नहीं मिल पाया है। टोकन मिलने के बाद ही इन वाहनों के नेपाल जाने की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी। भंसार यार्ड में पर्याप्त जगह नहीं होने से भी निकासी प्रभावित हो रही है।
शुक्रवार रात अतिरिक्त समय तक भंसार खुला रखने और पुलिस की सक्रियता से 702 मालवाहक वाहनों को नेपाल भेजा गया। पुलिसकर्मियों ने यातायात व्यवस्था संभालते हुए ट्रकों को क्रमबद्ध तरीके से सीमा पार कराया।
कतार घटने से वाहन चालकों को काफी राहत मिली है। थानाध्यक्ष विशाल शुक्ला ने बताया कि मालवाहक वाहनों की कतार कम हो गई है। कस्टम प्रक्रिया के टोकन नहीं मिलने वाले वाहन खड़े हैं।
यह भी पढ़ें- काशी को मिलने जा रही हैं 250 नई इलेक्ट्रिक बसें, सड़क परिवहन के साथ पर्यावरण का भी ख्याल
