विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोहगीबरवा सीएचसी में 92.49 लाख से लगेगी सौर ऊर्जा, दूर होगी बिजली की समस्या

Published: Mon, 14 Sep 2026 06:57 PM (IST)

महराजगंज के दुर्गम सोहगीबरवा क्षेत्र में नवनिर्मित सीएचसी को सौर ऊर्जा से रोशन किया जाएगा, जिसके लिए शासन ने 92.49 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं।

News Article Hero Image

HighLights

  1. सोहगीबरवा सीएचसी को मिलेगी 92.49 लाख की सौर ऊर्जा.

  2. दुर्गम क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा नया आयाम.

  3. भविष्य में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के संचालन में सुविधा होगी.

जागरण संवाददाता, महराजगंज। नारायणी नदी के पार स्थित दुर्गम क्षेत्र सोहगीबरवा में नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) को अब सौर ऊर्जा से रोशन करने की योजना बनाई गई है। शासन ने सीएचसी के मुख्य और आवासीय भवनों में सोलर सिस्टम लगाने के लिए 92.49 लाख रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।

वित्तीय वर्ष 2026-27 में स्वीकृत धनराशि से होने वाले इस कार्य से स्वास्थ्य केंद्र में बिजली की व्यवस्था में सुधार होगा और भविष्य में इलेक्ट्रानिक चिकित्सा उपकरणों के संचालन में भी सुविधा मिलेगी।

भौगोलिक स्थिति काफी दुर्गम

सोहगीबरवा क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति काफी दुर्गम है। यहां सोहगीबरवा, शिकारपुर और भोंथहा तीन गांव नारायणी नदी के पार बसे हैं। इन गांवों तक पहुंचने के लिए नेपाल या कुशीनगर के रास्ते बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के नौरंगिया क्षेत्र से होकर जाना पड़ता है।

लगभग सात वर्ष पूर्व बाढ़ के दौरान बिजली के खंभे नदी में बह गए थे, जिसके बाद से इन गांवों में ग्रिड बिजली की आपूर्ति नहीं हो सकी है। ग्रामीणों के घरों में सोलर पैनल उपलब्ध कराकर बिजली की जरूरत पूरी की जा रही है।

सीएचसी में अभी इलेक्ट्रानिक जांच उपकरण नहीं 

क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी लंबे समय से बनी हुई थी। अब नए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के स्थापित होने से स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में सुविधा मिलेगी। हालांकि, सीएचसी में अभी इलेक्ट्रानिक जांच उपकरण नहीं पहुंचे हैं, लेकिन बिजली की कमी के कारण रात में प्रकाश और अन्य व्यवस्थाओं में कठिनाई होती है।

यहां तैनात चिकित्सक डॉ. ब्यूटी ने बताया कि बिजली नहीं होने के कारण वर्तमान में एक छोटे सोलर पैनल से काम चलाया जा रहा है। सोलर सिस्टम लगने के बाद स्वास्थ्य केंद्र के संचालन में सुविधा बढ़ेगी और भविष्य में उपकरणों के आने पर उनके संचालन का रास्ता भी सुगम होगा।

सौर पैनल लगाने का कार्य उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड द्वारा किया जाएगा। डिप्टी सीएमओ डॉ. राजेश द्विवेदी ने बताया कि स्वीकृत धनराशि से जल्द ही सोहगीबरवा सीएचसी में सौर ऊर्जा की व्यवस्था कराई जाएगी, जिससे स्वास्थ्य केंद्र के संचालन में सुविधा होगी और भविष्य में इलेक्ट्रानिक उपकरणों के इस्तेमाल में भी मदद मिलेगी।

यह भी पढ़ें- वाराणसी के चोलापुर सीएचसी में बने 50 शैय्या अतिरिक्त भवन का नहीं हो सका शुभारंभ

यह भी पढ़ें- करोड़ों की लागत से बना अस्पताल पड़ा शो-पीस, सुपौल के सीएचसी में न इमरजेंसी न प्रसव सुविधा; आंदोलन की चेतावनी