नेपाल को 'मेडिकल हब' बनाने की तैयारी, टूरिज्म को मिलेगा बढ़ावा; सीमावर्ती इलाकों को मिलेगा लाभ
नेपाल सरकार देश को क्षेत्रीय मेडिकल हब के रूप में विकसित करने की तैयारी कर रही है, जिसके लिए चिकित्सा ...और पढ़ें
-1793700934048_m.webp)
यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।
HighLights
नेपाल क्षेत्रीय मेडिकल हब बनने की तैयारी में।
चिकित्सा सेवा पर्यटन को बढ़ावा देने हेतु कार्यदल गठित।
सीमावर्ती भारतीय रोगियों को विशेषज्ञ सेवाओं का लाभ।
संवादसूत्र, सोनौली। नेपाल सरकार देश को क्षेत्रीय मेडिकल हब के रूप में विकसित करने की तैयारी में जुट गई है। इसके लिए चिकित्सा सेवा पर्यटन (मेडिकल सर्विस टूरिज्म) को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कार्यदल गठित करने का निर्णय लिया गया है। प्रधानमंत्री तथा मंत्रिपरिषद कार्यालय में हुई बैठक में चिकित्सा सेवा पर्यटन के विकास और विस्तार के लिए आवश्यक नीतिगत एवं संस्थागत कार्यों को आगे बढ़ाने पर सहमति बनी।
प्रधानमंत्री के स्वास्थ्य सलाहकार जगदीश प्रसाद अग्रवाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में संबंधित मंत्रालयों के सचिव, निजी अस्पतालों के संचालक और प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में नेपाल आने वाले विदेशी रोगियों को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और भरोसेमंद स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए चिकित्सा सेवा पर्यटन को व्यवस्थित बनाने पर चर्चा हुई।
इस क्षेत्र के विकास के लिए आवश्यक नीतिगत और नियामक ढांचे के निर्माण पर विशेष जोर दिया गया। अस्पतालों में उपचार की गुणवत्ता, रोगियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के मानकों को निर्धारित करने को प्राथमिकता देने का निर्णय लिया गया।उपचार के लिए नेपाल आने वाले विदेशी रोगियों और उनके सहयोगियों को सहूलियत देने के लिए मेडिकल वीजा की व्यवस्था पर भी चर्चा की गई।
सरकार का मानना है कि चिकित्सा सेवा पर्यटन को व्यवस्थित रूप से विकसित करने से विदेशी मुद्रा अर्जन में वृद्धि होगी और स्वास्थ्य क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी। नेपाल को मेडिकल हब के रूप में विकसित करने की पहल भारत सहित पड़ोसी देशों के रोगियों के लिए भी महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। विशेषकर सीमावर्ती भारतीय क्षेत्रों के रोगियों को नेपाल में उपलब्ध विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिलने की संभावनाएं बढ़ेंगी।
इससे दोनों देशों के बीच स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में सहयोग और मजबूत हो सकता है। सरकार को उम्मीद है कि चिकित्सा सेवा पर्यटन के विस्तार से नेपाल में विशेषज्ञ चिकित्सकों, आधुनिक अस्पतालों और स्वास्थ्य सुविधाओं का विकास होगा। साथ ही नेपाली नागरिकों को बेहतर उपचार के लिए विदेश जाने की मजबूरी कम करने में भी मदद मिलेगी। इसके लिए आवश्यक कानूनी, नीतिगत और संस्थागत सुधारों को आगे बढ़ाने की तैयारी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।