महराजगंज में गोली मारकर युवक की हत्या, तीन आरोपी हिरासत में, तमंचा बरामद
महराजगंज के पुरंदरपुर थाना क्षेत्र में मामूली विवाद के चलते एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इलाज ...और पढ़ें

मृतक की फाइल फोटो। जागरण
HighLights
महराजगंज में मामूली विवाद के कारण युवक की गोली मारकर हत्या।
गंभीर घायल युवक की गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मृत्यु।
पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त असलहा बरामद कर तीन आरोपी पकड़े।
जागरण संवाददाता, महराजगंज। मामूली विवाद में युवक की गरुवार की देर रात गोली मार हत्या कर दी गई। स्वजन इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कालेज अस्पताल पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत समरधीरा में गुरुवार देर रात सनसनीखेज वारदात हुई। मधुकरपुर महादेव निवासी 20 वर्षीय युवक की कनपटी पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। गंभीर रूप से घायल युवक को पुलिस ने सीएचसी बनकटी पहुंचाया, जहां से उसे मेडिकल कालेज गोरखपुर अस्पताल रेफर कर दिया। देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त असलहा बरामद करते हुए तीन आरोपितों को हिरासत में लिया है।
मृतक की पहचान जीशान पुत्र यूसुफ उर्फ बंगाली निवासी मधुकरपुर महादेव के रूप में हुई है। स्वजन के अनुसार जीशान किसी काम से देर रात समरधीरा चौराहे पर गया था। उसी दौरान दो आरोपितों से उसका विवाद हो गया। स्वजन के मुताबिक आरोपितों ने उसके कनपटी पर सटाकर गोली मार दी, जिससे वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा।
गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना स्वजन और पुलिस को दी। आनन-फानन में घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी पहुंचाया। हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कालेज गोरखपुर रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव व्याप्त है। पुलिस ने देर रात ही कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपितों सहित तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया तमंचा भी बरामद कर लिया है।
यह भी पढ़ें- पनियरा-परतावल राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क धंसी, बड़े वाहनों का रास्ता बदला
प्रभारी निरीक्षक पुरंदरपुर गौरव राय कन्नौजिया ने बताया कि युवक की गोली लगने से मृत्यु गई है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। हिरासत में लिए गए तीनों आरोपितों से पूछताछ की जा रही है, जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
