विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पनियरा-परतावल राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क धंसी, बड़े वाहनों का रास्ता बदला

Published: Thu, 17 Sep 2026 11:56 AM (IST)

पनियरा-परतावल राष्ट्रीय राजमार्ग-328 पर टेमर नाला पुल के पास सड़क धंसने से बड़ा गड्ढा हो गया, जिससे बड़े वाहनों का ...और पढ़ें

HighLights

  1. टेमर नाला पुल के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-328 पर सड़क धंसी।

  2. बड़े वाहनों का आवागमन बाधित, पुलिस ने मार्ग परिवर्तित किया।

  3. मरम्मत कार्य जारी, दो घंटे में यातायात बहाली की उम्मीद।

संवाद सूत्र (पनियरा) महराजगंज। पनियरा-परतावल राष्ट्रीय राजमार्ग -328 के टेमर नाला पुल से ठीक पहले बीती रात सड़क अचानक धंस जाने से बड़ा होल बन गया। पुल के एप्रोच पर सड़क धंसने से मार्ग पर बड़े वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई है।

एनएच-328 परतावल से पनियरा होते हुए कैंपियरगंज तक जाती है। यह मार्ग गोरखपुर, बस्ती और नेपाल सहित विभिन्न क्षेत्रों के लिए आवागमन का सुगम माध्यम है। वहीं, कैंपियरगंज से परतावल होते हुए यह मार्ग कुशीनगर को जोड़ता है। मार्ग पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता है। ऐसे में पुल के एप्रोच पर सड़क धंसने से राहगीरों की परेशानी बढ़ गई है।

बीती रात डेढ़ बजे सड़क धंसने की सूचना मिलने पर पनियरा पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की आशंका को देखते हुए बैरिकेडिंग करा दी। सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मियों को भी मौके पर तैनात किया गया है। फिलहाल छोटे वाहनों और दोपहिया वाहनों को ही सावधानी से निकाला जा रहा है। वहीं, ट्रक और अन्य भारी वाहनों को मौके पर रोक दिया गया है।

बड़े वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से भेजा जा रहा है। स्थानीय नागरिक मनोज गुप्ता, अमित जायसवाल ने बताया कि मार्ग पर भारी वाहनों का लगातार दबाव रहता है। ऐसे में क्षतिग्रस्त हिस्से की तत्काल मरम्मत नहीं कराई गई तो सड़क का और हिस्सा भी प्रभावित हो सकता है। मुख्य मार्ग पर आवागमन बाधित होने से आसपास के गांवों के लोगों, व्यापारियों और राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ रही है।

यह भी पढ़ें- जागरण एजेंडा: गोरखपुर में बेलगाम डंपर बन रहे मौत का कारण, बढ़ रहे सड़क हादसे

पनियरा थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि रूट डायवर्जन के तहत बभनौली चौराहा और मुजुरी में बड़े वाहनों को रोकने के लिए बैरिकेडिंग की गई है। डायवर्जन व्यवस्था के अनुसार ही भारी वाहनों का आवागमन कराया जा रहा है, ताकि यातायात सुचारु रहे और किसी प्रकार की दुर्घटना की स्थिति उत्पन्न न हो।

एनएच के जेई अवधेश कुमार गुप्ता ने बताया कि पुल से सटे बड़ा होल हो गया है, जिसे पाटने का कार्य श्रमिकों से शुरू करा दिया गया है। लगभग दो घंटे में पूरी तरह आवागमन बहाल कर दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में बोले सीएम योगी- 'भगवान विश्वकर्मा सृष्टि के, तो पीएम मोदी नए भारत के शिल्पी'