विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर में डंपर ने किशोर को कुचला, गुस्साए ग्रामीणों ने वाहन फूंका और जाम की सड़क

Published: Wed, 16 Sep 2026 07:32 PM (IST)

गोरखपुर के गुलरिहा थाना क्षेत्र के नाहरपुर में तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से 15 वर्षीय किशोर अजीत की मौत हो गई।

HighLights

  1. नाहरपुर में डंपर की चपेट में आने से किशोर की मौत।

  2. आक्रोशित ग्रामीणों ने डंपर में आग लगाई, फोरलेन जाम किया।

  3. पुलिस मौके पर पहुंची, ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रही है।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। गुलरिहा थाना क्षेत्र के नाहरपुर के पास बुधवार शाम तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से साइकिल सवार किशोर की मौत हो गई। हादसे के बाद साइकिल डंपर के अगले हिस्से में फंस गई।

चालक किशोर के शव को साइकिल समेत करीब 20 मीटर तक घसीटता ले गया। आसपास के लोगों के शोर मचाने पर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने डंपर में आग लगा दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने में जुटी है।

गुलरिहा बाजार निवासी 15 वर्षीय अजीत शाम साढ़े पांच बजे साइकिल से कोचिंग जा रहा था। वह नाहरपुर के पास पहुंचा था कि तेज रफ्तार डंपर ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी होने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए।

हादसे से नाराज ग्रामीणों ने डंपर में आग लगा दी और गोरखपुर-महराजगंज फोरलेन की दोनों लेन पर आवागमन रोक दिया। इससे सड़क पर वाहनों की कतार लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ग्रामीणों को समझाने और शव को कब्जे में लेने का प्रयास कर रही है।

ग्रामीणों का आरोप है कि फोरलेन पर सुबह से रात तक डंपर तेज रफ्तार में दौड़ते हैं। इसके बावजूद पुलिस और प्रशासन की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। घटना के बाद से चालक फरार है। पुलिस की एक टीम उसकी तलाश में जुटी है।