महराजगंज में दुष्कर्म के आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर ज्वलनशील पदार्थ लेकर न्यायालय पहुंची युवती, आत्मदाह की कोशिश
महराजगंज जिला न्यायालय में दुष्कर्म के आरोपित की गिरफ्तारी न होने से क्षुब्ध एक युवती ने आत्मदाह का प्रयास किया। ...और पढ़ें

दीवानी न्यायालय महराजगंज । जागरण
HighLights
दुष्कर्म आरोपित की गिरफ्तारी न होने पर युवती ने आत्मदाह का प्रयास किया।
महराजगंज जिला न्यायालय के गेट पर ज्वलनशील पदार्थ लेकर पहुंची।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए रोका, युवती को हिरासत में लिया।
जागरण संवाददाता, महराजगंज। शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के आरोपित की गिरफ्तारी न होने से क्षुब्ध युवती मंगलवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे जिला न्यायालय के गेट पर ज्वलनशील पदार्थ लेकर पहुंच गई। न्यायालय परिसर में प्रवेश करते समय सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों ने उसे रोक दिया। इसके बाद युवती पीछे हटकर आत्मदाह का प्रयास करने लगी।
महिला पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसके हाथ से बोतल छीन ली और उसे हिरासत में ले लिया। घटना से न्यायालय परिसर में कुछ देर अफरा-तफरी मची रही। पूछताछ में पता चला कि युवती पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की निवासी है।
करीब एक माह पूर्व उसने गांव के ही एक युवक के विरुद्ध शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का मुकदमा दर्ज कराया था। युवती आरोपित की गिरफ्तारी की मांग कर रही थी और इसी सिलसिले में मंगलवार को जिला न्यायालय पहुंची थी।
पुलिस ने हिरासत में लेने के बाद युवती को पहले महिला थाना पहुंचाया। वहां आवश्यक पूछताछ और कार्रवाई के बाद उसे पुरंदरपुर थाना भेज दिया गया। घटना के बाद न्यायालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था भी सतर्क कर दी गई। पुलिसकर्मियों की तत्परता से समय रहते बोतल कब्जे में लेकर किसी अप्रिय घटना को टाल दिया गया।
यह भी पढ़ें- जिस बोर्ड पर लिखा था 'थूकना मना है', उसे ही पान की पीक मारकर कर दिया लाल; यूपी के महराजगंज में अजब-गजब मामला
पुरंदरपुर थानाध्यक्ष गौरव राय कन्नौजिया ने बताया कि आरोपित की गिरफ्तारी की मांग को लेकर युवती आवेश में थी। उसकी काउंसिलिंग कराई जा रही है। पुलिस आरोपित की गिरफ्तारी के लिए प्रयासरत है और जल्द उसे गिरफ्तार किया जाएगा।
