महराजगंज में विधायक निधि कार्य में अधिकारियों के नाम पर कमीशन लेने का आरोप, वरिष्ठ सहायक निलंबित
महराजगंज में विधायक निधि के कार्य पर कमीशन मांगने के आरोप में एक वरिष्ठ सहायक को निलंबित कर दिया गया ...और पढ़ें

HighLights
विधायक निधि कार्य में कमीशन मांगने पर वरिष्ठ सहायक निलंबित।
परियोजना निदेशक की तहरीर पर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा।
कमीशन मांगने का वीडियो प्रसारित होने के बाद हुई कार्रवाई।
जागरण संवाददाता, महराजगंज। विकास भवन स्थित जिला ग्राम्य विकास अभिकरण (डीआरडीए) में तैनात वरिष्ठ सहायक अर्जुन कुमार गौतम के खिलाफ अधिकारियों के नाम पर कथित रूप से कमीशन मांगने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित वरिष्ठ सहायक को निलंबित कर दिया गया है।
विधायक निधि से संबंधित कार्य में कमीशन मांगने का एक वीडियो प्रसारित होने के बाद यह मामला अधिकारियों के संज्ञान में आया। परियोजना निदेशक रामदरस चौधरी की तहरीर पर सदर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह है पूरा मामला
तहरीर के अनुसार, सात सितंबर को विकास भवन महराजगंज में अर्जुन कुमार गौतम से संबंधित लेन-देन का वीडियो सामने आया था, जिसमें विधायक निधि से जुड़े कार्य के संबंध में कमीशन की मांग की गई थी। इस वीडियो के प्रसारण से जनमानस में भ्रम और आक्रोश की स्थिति उत्पन्न हो रही थी, जिससे शासन और प्रशासन की छवि प्रभावित हो रही थी।
परियोजना निदेशक ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को तहरीर दी और संबंधित कर्मचारी के खिलाफ विधिक कार्रवाई का अनुरोध किया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अर्जुन कुमार गौतम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सदर कोतवाल निर्भय कुमार सिंह ने बताया कि परियोजना निदेशक की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की गई है और मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
भ्रष्टाचार के प्रति शासन की जीरो टालरेंस नीति के तहत, प्रथम दृष्टया सामने आए तथ्यों के आधार पर संबंधित लिपिक को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए एफआइआर की कार्रवाई की गई है। शासकीय कार्यों में पारदर्शिता, ईमानदारी और जवाबदेही सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।
-रामदरस चौधरी, परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण
यह भी पढ़ें- 11 साल से घर बैठे वेतन उठा रहीं मैडमजी, अब होंगी निलंबित, बीईओ-लिपिकों पर भी कार्रवाई तय
यह भी पढ़ें- ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान ड्यूटी पर रील बनाना दिल्ली पुलिस के कॉन्स्टेबल को पड़ा भारी, हुआ निलंबित
