यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 11, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
देह व्यापार की सूचना पर महाराजगंज पुलिस ने मारा छापा, मकान में रंगे हाथों गलत काम करते पकड़े तीन महिला व दो पुरुष
महाराजगंज के अमरुतिया वार्ड में पुलिस ने देह व्यापार के अड्डे पर छापेमारी कर पांच लोगों को हिरासत में लिया ...और पढ़ें

HighLights
- महराजगंज में आधी रात देह व्यापार के अड्डे पर पुलिस की छापेमारी, पांच हिरासत में
- तीन महिलाएं और दो पुरुष पकड़े गए, आपत्तिजनक सामग्री बरामद
- सदर कोतवाली पुलिस ने की कार्रवाई, जांच जारी
जागरण संवाददाता, महराजगंज। महराजगंज के अमरुतिया वॉर्ड में रविवार आधी रात पुलिस ने देह व्यापार की सूचना पर छापेमारी की। इस दौरान पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है। पकड़े गए आरोपितों में तीन महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। इनमें एक महिला को संचालिका बताया जा रहा है। जबकि दो पुरुष और दो महिलाएं वहां पहले से मौजूद थे।
पुलिस टीम की छापेमारी के दौरान मौके से अनेक बीयर की बोतलें व कई आपत्तिजनक वस्तुएं बरामद हुई हैं। इन सामग्रियों के आधार पर पुलिस को पुख्ता साक्ष्य मिला है कि वहां देह व्यापार संचालित किया जा रहा था। फिलहाल पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर यह जानने की कोशिश कर रही है, कि इस रैकेट से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं। इसे शहर के बीच संरक्षण कैसे मिल रहा था।
संचालिका के वाट्सएप का डाटा खंगाल रही पुलिस
पुलिस मकान के आस-पास के रास्तों पर लगे सीसी कैमरों के फुटेज की भी जांच कर रही है। संचालिका के वाट्सएप का डाटा भी खंगाल जा रहा है। जिससे इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों के भी पकड़ में आने की संभावना है।
तीन महिलाएं और दो पुरुष पकड़े गए, आपत्तिजनक सामग्री बरामद
सदर कोतवाल सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि अमरुतिया वॉर्ड के एक मकान में देह व्यापार का धंधा चल रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत महिला पुलिस और उच्चाधिकारियों को सूचित किया गया। योजना बनाकर महिला पुलिस टीम के साथ रविवार देर रात टीम ने छापेमारी की। जिसमें सभी आरोपितों को रंगे हाथ पकड़ लिया गया।
इस मामले में बरामद सामग्री को जब्त कर लिया गया है। सभी आरोपितों के विरुद्ध धाराओं में केस दर्ज किया जा रहा है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस अवैध धंधे में बाहरी जनपदों या अन्य राज्यों के लोग शामिल हैं या नहीं।
