महराजगंज में रिहायशी इलाके में तेंदुए की दस्तक, मुर्गी फार्म में घुसने से ग्रामीणों में दहशत
महराजगंज के सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग से सटे कटहरा टोला रामनगर में एक तेंदुआ मुर्गी फार्म में घुस गया, जिससे ग्रामीणों ...और पढ़ें
HighLights
तेंदुआ महराजगंज के कटहरा टोला रामनगर के मुर्गी फार्म में घुसा।
ग्रामीणों में भय का माहौल, बच्चों को घरों में रहने की सलाह।
वन विभाग ने निगरानी बढ़ाई, लोगों से सतर्क रहने की अपील।
जागरण संवाददाता, महराजगंज। सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग से सटे रिहायशी इलाके में तेंदुए की लगातार दूसरी बार दस्तक से ग्रामीणों में भय का माहौल है। रविवार सुबह पकड़ी रेंज के कटहरा टोला रामनगर में तेंदुआ एक मुर्गी फार्म तक पहुंच गया, जिससे अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों के शोर मचाने पर तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेंदुआ पहले खेतों के आसपास घूमता दिखाई दिया और फिर मुर्गी फार्म में पहुंच गया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। लोगों की आवाजाही और शोर-शराबा बढ़ने पर तेंदुआ वापस जंगल की ओर लौट गया। इस घटना के बाद ग्रामीणों ने बच्चों को घरों से बाहर निकलने से रोक दिया और समूह में ही खेतों की ओर जाने लगे।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले दो दिनों से तेंदुए की गतिविधियां विभिन्न स्थानों पर देखी जा रही हैं, जिससे किसानों, पशुपालकों और जंगल किनारे रहने वाले परिवारों की चिंता बढ़ गई है। लोग अब देर शाम और सुबह के समय खेतों में अकेले जाने से बच रहे हैं। वन विभाग की पकड़ी रेंज की टीम ने मौके का निरीक्षण किया।
यह भी पढ़ें- महराजगंज में अनियंत्रित हुई प्रयागराज जा रही बस, सूझबूझ से बची 15 यात्रियों की जान
प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) निरंजन सुर्वे ने बताया कि क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है और तेंदुए की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। वन विभाग की टीमें संवेदनशील स्थानों पर गश्त कर रही हैं। डीएफओ ने ग्रामीणों से अपील की कि वे जंगल या खेतों की ओर अकेले न जाएं, विशेषकर सुबह और शाम के समय अतिरिक्त सतर्कता बरतें।
