महराजगंज में गहराया ईंधन संकट! पेट्रोल पंपों पर लोगों की आधा KM लंबी कतारें लगी, कई जगह स्टॉक खत्म
महराजगंज जिले में डीजल और पेट्रोल का गहरा संकट बना हुआ है, जिससे पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें लगी हैं और कई लोग बिना ईंधन के लौट रहे हैं।
-1778930269785_m.webp)
लक्ष्मीपुर के ललाइन पैसिया में पेट्रोल पंप पर डीजल के लिए लगी लंबी कतार। जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण टीम, महराजगंज। जिले में डीजल और पेट्रोल को लेकर शनिवार को भी संकट की स्थिति देखने को मिली। कई पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं, जबकि कुछ स्थानों पर ईंधन समाप्त होने के कारण पंप बंद मिले। इससे बड़ी संख्या में लोगों को बिना ईंधन भरवाए ही निराश लौटना पड़ा।
ईंधन की कमी की सूचना फैलते ही लोग जल्द टंकी फुल कराने के लिए पेट्रोल पंपों पर पहुंचने लगे। दोपहिया, चारपहिया और मालवाहक वाहन चालकों को घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ा। कई स्थानों पर भीड़ अधिक होने से अव्यवस्था की स्थिति भी बनी रही।

नौतनवा संवाद सूत्र के अनुसार कस्बे स्थित भारत पेट्रोलियम पंप पर पेट्रोल और डीजल की भारी कमी से शनिवार को लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सुबह से ही ईंधन भरवाने के लिए पंप पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। दोपहर तक पेट्रोल और डीजल की बिक्री होने के बाद स्टॉक समाप्त हो गया, जिससे लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
किसानों ने बताया कि गन्ने की फसल की सिंचाई के लिए उन्हें तत्काल डीजल की आवश्यकता है, डीजल न मिलने से फसलें सूखने की कगार पर पहुंच रही हैं। दूसरी ओर शादी-विवाह वाले परिवारों को भी पेट्रोल की कमी के कारण आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

पेट्रोल पंप पर स्थिति यह रही कि लोग गैलन लाइन में रखकर डीजल भरवाने का इंतजार करते रहे। संचालक अमर नाथ यादव, राजेंद्र प्रसाद, सुनील कुमार, राजेश कुमार, राम केवल यादव, संत राम सरोज, कृष्ण मोहन शुक्ला, प्रमोद कुमार यादव, दिनेश कुमार दुबे ने भी मशीनों के संचालन के लिए डीजल भरवाया। ईंधन खत्म होने के बाद कई लोगों को बिना तेल लिए वापस लौटना पड़ा।
लक्ष्मीपुर संवादसूत्र के अनुसार लाइन पैसिया में हरिहर फीलिंग्स स्टेशन पर डीजल पेट्रोल के आस में खड़ी रही। वहीं पंप के संचालक द्वारा बताया कि डीजल पेट्रोल नही है। जैसे ही डीजल उपलब्ध होगा वितरण शुरू कर दिया जाएगा। डीजल वितरण हो रहा था। पंप के प्रबंधक अजय यादव ने बताया कि डीजल छह हजार लीटर उपलब्ध है।जहां प्रति व्यक्ति को बीस लीटर डीजल दिया जा रहा है।
पंपों पर लगी लंबी कतार
निचलौल संवाददाता के अनुसार नगर पंचायत स्थित यादव फ्यूल सेंटर पर तेल लेने के लिए शाम को लंबी कतार लग गई। जिसके चलते लोगों को घंटों लाइन में खड़े हो कर इंतजार करना पड़ा। देखते-देखते यह लाइन थाना रोड पर आधा किमी लंबी होकर चिउटहा चौराहे तक पहुंच गई। जिसको लेकर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई।
इस कतार में स्कूली बस, ट्रैक्टर ट्रॉली,कार, बाइक सहित वाहनों जमावड़ा लगा रहा। लोग अपने नंबर का इंतजार कर रहे थे।
बरगदवा संवाद सूत्र के अनुसार क्षेत्र में पेट्रोल और डीजल की किल्लत से आमजन की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है।
आरके फिलिंग बरगदवा पर सुबह से ही दोपहिया और चारपहिया वाहनों की लंबी कतार लगी रही। कई लोग घंटों इंतजार के बाद भी तेल नहीं मिलने पर मायूस होकर लौट गए। आरोप है कि पंप पर बार-बार तेल खत्म होने की बात कहकर बिक्री रोक दी जाती है।

पंप संचालक श्याम यादव ने बताया कि आपूर्ति प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि ऊपर से पर्याप्त सप्लाई नहीं मिल पा रही है। जैसे ही तेल की गाड़ियां पहुंचती हैं, वितरण शुरू करा दिया जाता है। लोगों ने प्रशासन से मामले की जांच कर आपूर्ति व्यवस्था सुचारु कराने तथा कालाबाजारी पर कार्रवाई की मांग की है।
फ़ुलमनहा संवाद सूत्र के अनुसार पेट्रोल डीजल की कमी से जहां एक तरफ जनता परेशान है। घंटों लाइन लगाने व कड़ी मशक्कत के बाद भी डीजल व पेट्रोल नहीं मिल रहा है। वहीं बृजमनगंज के उसका रोड स्थित इंडियन आयल के पेट्रोल पंप पर रात के 11 बजे चुपके से गैलन में ईंधन दिया जा रहा है।
बृजमनगंज के उस्का रोड स्थित अग्रवाल फिलिंग स्टेशन की मनमानी से उपभोक्ताओं में आक्रोश व्याप्त है। रात के अंधेरे में चुपके से अवैध कारोबारियों के हाथों गैलन में डीजल पेट्रोल दे कर कालाबाजारी को बढ़ावा दिया जा रहा है। जिला पूर्ति अधिकारी एपी सिंह ने बताया कि जांच कर पेट्रोल पंप संचालक के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
