विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

विवाद शांत कराना पड़ा भारी, महराजगंज में बुजुर्ग की पीटकर की गई हत्या

Published: Tue, 17 Nov 2026 03:41 PM (IST)

महराजगंज के बृजमनगंज में शराब के नशे में झगड़ रहे पट्टीदारों को शांत कराने पहुंचे 65 वर्षीय बुजुर्ग श्रीकृष्ण गुप्ता ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।

प्रतीकात्मक तस्वीर।

HighLights

  1. 65 वर्षीय श्रीकृष्ण गुप्ता की पीट-पीटकर हत्या।

  2. शराब के नशे में झगड़ रहे पट्टीदारों को छुड़ाने गए थे।

  3. पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों को हिरासत में लिया।

संवाद सूत्र, (बृजमनगंज) महराजगंज। शराब के नशे में आपस में झगड़ रहे पट्टीदारों को छुड़ाने पहुंचे 65 वर्षीय श्रीकृष्ण गुप्ता की पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने चार आरोपितों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। तीन नामजद आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बृजमनगंज थाना क्षेत्र की ग्राम सभा बैसार में सोमवार सुबह करीब साढ़े दस बजे श्यामकरण गुप्ता, अर्जुन गुप्ता, दीपू और एक अज्ञात व्यक्ति शराब पीने के बाद आपस में विवाद कर रहे थे।

श्रीकृष्ण गुप्ता और उनका बेटा अशोक अपने दरवाजे पर खड़े थे। आरोप है कि इस दौरान पट्टीदारों ने अशोक की ओर मारने का इशारा करते हुए अपशब्द कहे। श्रीकृष्ण बीच-बचाव कर झगड़ा शांत कराने पहुंचे तो चारों ने उन पर हमला कर दिया। घूंसे और पैरों से मारने के कारण वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।

आरोपित उन्हें वहीं छोड़कर फरार हो गए। स्वजन उन्हें तत्काल सीएचसी बृजमनगंज ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। श्रीकृष्ण खेती-किसानी के साथ घर के पास गुमटी में जनरल मर्चेंट की दुकान चलाते थे। उनके बेटे ओम प्रकाश और अशोक पुणे में बेकरी का काम करते हैं। दीपावली पर दोनों बेटे घर आए हुए थे।

त्योहार की खुशियां घटना के बाद मातम में बदल गईं। थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्र ने बताया कि अशोक कुमार गुप्ता की तहरीर पर श्यामकरण गुप्ता, अर्जुन गुप्ता, दीपू और एक अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।

यह भी पढ़ें- महराजगंज के दर्जिनिया ताल को इको टूरिज्म स्थल बनाने की तैयारी, शासन को भेजा गया प्रस्ताव

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।