महराजगंज के नए जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने संभाली कमान, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर
नवागत जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने महराजगंज में कार्यभार संभाला और अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने शासन की प्राथमिकताओं, ...और पढ़ें

महराजगंज में जिलाधिकारी के रूप में कार्यभार ग्रहण करते गौरव सिंह सोगरवाल। जागरण
HighLights
नवागत जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने महराजगंज में कार्यभार संभाला।
अधिकारियों संग बैठक कर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।
लखपति दीदी योजना, स्वच्छ सर्वेक्षण, जल संरक्षण पर विशेष ध्यान।
जागरण संवाददाता, महराजगंज। नवागत जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने बुधवार को कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर शासन की प्राथमिकताओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से परिचय प्राप्त करते हुए योजनाओं की बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनोन्मुखी योजनाओं को धरातल पर लागू करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने एनआरएलएम के तहत संचालित लखपति दीदी योजना को महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण बताते हुए इसे प्रभावी तरीके से लागू करने के निर्देश दिए। नगर विकास के क्षेत्र में महराजगंज जनपद के बेहतर प्रदर्शन पर बल देते हुए उन्होंने स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान को गंभीरता के साथ संचालित करने को कहा।
उन्होंने जल संचय एवं संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ते हुए इसे जन अभियान का रूप देने की आवश्यकता बताई। साथ ही राजस्व वादों के निस्तारण को शीर्ष प्राथमिकता बताते हुए लंबित मामलों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई को गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारित करने तथा स्मार्ट मीटर को लेकर लोगों को जागरूक करने और उनकी आपत्तियों का समाधान करने पर भी जोर दिया। इसके अलावा स्वगणना अभियान को प्रभावी ढंग से संपादित कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
यह भी पढ़ें- महराजगंज में जंगल किनारे टहलते लोगों पर तेंदुए का हमला, महिला समेत तीन घायल
बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डा. प्रशांत कुमार, अपर जिलाधिकारी न्यायिक नवनीत गोयल, डीडीओ भोलानाथ कन्नौजिया, पीडी रामदरश चौधरी, डीसी मनरेगा गौरवेंद्र सिंह समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। वर्ष 2017 बैच के आइएएस अधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल इससे पहले बलरामपुर, वाराणसी, शामली और गोरखपुर में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं गोरखपुर में नगर आयुक्त के रूप में कार्य कर चुके हैं। वर्ष 2021 से 2023 तक वह महराजगंज में मुख्य विकास अधिकारी के पद पर भी तैनात रहे हैं।
