महराजगंज में जंगल किनारे टहलते लोगों पर तेंदुए का हमला, महिला समेत तीन घायल
महराजगंज में जंगल किनारे टहल रहे तीन लोगों पर तेंदुए ने हमला कर दिया, जिसमें एक महिला सहित तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है, और वन विभाग ने क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है।

तेंदुए के हमले से घायल ग्रामीण। जागरण
HighLights
जंगल किनारे टहल रहे लोगों पर हमला।
एक महिला सहित तीन लोग गंभीर घायल।
वन विभाग ने क्षेत्र में सतर्कता बढ़ाई।
संवाद सूत्र (लक्ष्मीपुर) महराजगंज। जंगल किनारे सुबह टहलने निकले लोगों पर तेंदुए ने हमला कर दिया, जिसमें एक महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लक्ष्मीपुर में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल महराजगंज रेफर कर दिया गया है।
घटना बुधवार की सुबह सोहगीबरवा वन्य जीव प्रभाग के लक्ष्मीपुर वन रेंज अंतर्गत अचलगढ़ बनटांगिया गांव के पास की है। घायलों की पहचान मुरलीधर (60), नीरज (16) और ईशा (19) निवासी ग्राम अचलगढ़ बनटांगिया, थाना पुरंदरपुर के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीनों सुबह जंगल किनारे टहलने निकले थे, तभी झाड़ियों में छिपे तेंदुए ने अचानक उन पर हमला कर दिया।
हमले के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाकर किसी तरह तेंदुए को वहां से भगाया। घटना की सूचना मिलते ही स्वजन मौके पर पहुंचे और तत्काल सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लक्ष्मीपुर ले जाया गया।
-1778051075260.jpeg)
यह भी पढ़ें- नेपाल में विदेशी वाहनों के लिए ऑनलाइन प्रवेश व्यवस्था शुरू, भारतीय पर्यटकों को मिलेगी राहत
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए तीनों को जिला अस्पताल महराजगंज के लिए रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार, घायलों के शरीर के विभिन्न हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी गई।

लक्ष्मीपुर वन रेंज के रेंजर वेद प्रकाश शर्मा ने बताया कि वनकर्मियों को क्षेत्र में तैनात कर दिया गया है। ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। उन्होंने लोगों से जंगल और सुनसान स्थानों पर अकेले न जाने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल वन विभाग को देने की अपील की है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।