विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

महराजगंज में प्रतिमा विसर्जन के दौरान तेज आवाज DJ से दुकानों के टूटे शीशे, दवाओं की सैकड़ों शीशियां गिरीं

Published: Sun, 25 Oct 2026 08:59 AM (IST)

महराजगंज के घुघली में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान तेज डीजे की आवाज से दुकानों के शीशे और सेल्फ टूट ...और पढ़ें

टूटी शीशियां। जागरण

टूटी शीशियां। जागरण

HighLights

  1. घुघली में तेज डीजे से दुकानों के शीशे टूटे, सेल्फ गिरे।

  2. चिकित्सक की सैकड़ों दवाएं गिरीं, अन्य व्यापारियों को भी नुकसान।

  3. व्यापारियों ने ध्वनि प्रदूषण पर रोक लगाने की प्रशासन से मांग की।

संवाद सूत्र, घुघली, (महराजगंज)। मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन के दौरान तेज आवाज में बज रहे डीजे से व्यापारियों , चिकित्सकों व स्थानीय लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। ध्वनि निर्धारित मानक से अधिक होने के कारण कंपन से कई दुकानों के शीशे और सेल्फ टूट कर भूमि पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों को भी काफी असुविधा का सामना करना पड़ा।

कस्बे में सात दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की गई थीं, जिनका विसर्जन गुरुवार व शुक्रवार की रात को हुआ। आपसी होड़ के चक्कर में डीजे संचालकों ने आवाज तेज कर दी, जिससे कस्बे में असहज स्थिति उत्पन्न हो गई। होम्योपैथिक चिकित्सक डा. अनुराग रुंगटा गुरुवार शाम 7.30 बजे रेलवे ढाले के पास स्थित दवाखाना बंद कर घर चले गए थे।

शुक्रवार सुबह जब दुकान पर पहुंचे तो देखा कि लगभग 300 दवाओं की शीशियां भूमि पर पड़ी थीं, जिनमें से 40 से 50 शीशियां टूट गई थीं। सेल्फ भी टूटा था। उन्होंने बताया कि पहले लगा कि दुकान में चोरी हुई है, लेकिन बाद में समझ आया कि तेज डीजे की आवाज से कंपन के कारण शीशियां गिरीं और टूटी हैं।

दुकानदार पंकज जायसवाल ने बताया कि तेज डीजे से उनकी दुकान के शीशे के दो सेल्फ भरभरा कर गिर गए और टूट गए, जिससे करीब पांच हजार रुपये का नुकसान हुआ। कास्मेटिक दुकानदार शुभ मिश्रा ने बताया कि कंपन से उनकी दुकान में रखे कई कप टूट गए।

यह भी पढ़ें- भारतीय सीमा पर नेपाली गाड़ियों की पार्किंग शक के घेरे में, यूपी पुलिस ने शुरू की जांच

ब्रेकरी दुकान चलाने वाले अमर रुंगटा ने बताया कि उनकी दुकान में भी सामान बिखरा पड़ा था। व्यापारियों ने प्रशासन से ध्वनि प्रदूषण पर रोक लगाने की मांग की है।

सीओ सदर अंकुर गाैतम ने बताया कि दुकानों के शीशे तेज आवाज के चलते टूटे हैं या कोई अन्य कारण है, इसकी जांच कराई जाएगी। सभी डीजे संचालकों को निर्धारित मानक के अनुसार डीजे बजाने के निर्देश दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें- सिलाई मास्टर का बेटा पावर ग्रिड में बना जूनियर इंजीनियर, महराजगंज में पैतृक गांव पहुंचने पर हुआ भव्य स्वागत