भारतीय सीमा पर नेपाली गाड़ियों की पार्किंग शक के घेरे में, यूपी पुलिस ने शुरू की जांच
भारत-नेपाल सीमा पर भारतीय गैराजों में मरम्मत के नाम पर खड़ी नेपाली नंबर प्लेट वाली गाड़ियों की निगरानी पर सवाल उठ रहे हैं।

पुलिस ने नेपाली वाहनों के प्रवेश, ठहरने और वापसी के रिकॉर्ड की जांच शुरू कर दी है।
HighLights
नेपाली नंबर प्लेट वाली गाड़ियां भारतीय गैराजों में खड़ी।
मरम्मत के नाम पर महीनों से रुकने पर सवाल।
पुलिस ने नौतनवा सीमा पर जांच शुरू की।
जागरण संवाददाता, नौतनवा (महाराजगंज)। भारत-नेपाल की खुली सीमा पर नेपाली नंबर प्लेट वाली पुरानी और महंगी गाड़ियों की आवाजाही को लेकर निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। आरोप है कि लैंड क्रूजर, टाटा सफारी और टोयोटा समेत कई कंपनियों की गाड़ियां मरम्मत के नाम पर भारतीय सीमा से सटे इलाकों के गैराजों में कई-कई महीनों तक खड़ी रहती हैं।
ऐसे में इन वाहनों के सीमा पार प्रवेश, भारतीय क्षेत्र में ठहरने की अवधि और नेपाल वापसी का रिकॉर्ड रखने की व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू करने की बात कही है। स्थानीय स्तर पर लगाए जा रहे आरोपों के मुताबिक, नेपाली नंबर प्लेट वाली कुछ पुरानी गाड़ियां डेंटिंग-पेंटिंग और अन्य मरम्मत कार्यों के लिए भारतीय क्षेत्र के गैराजों में लाई जाती हैं।
सवाल यह है कि इन वाहनों के प्रवेश की तारीख, भारत में ठहरने की अवधि और नेपाल वापसी का रिकॉर्ड किस तरह रखा जाता है। क्या लंबे समय से गैराजों में खड़ी गाड़ियों के दस्तावेजों और मरम्मत संबंधी विवरण का सत्यापन किया जाता है? साथ ही, यह भी स्पष्ट होना जरूरी है कि संबंधित वाहनों की सीमा पार आवाजाही का रिकार्ड नियमानुसार दर्ज है या नहीं।
भारत-नेपाल की खुली सीमा पर लोगों और वाहनों की आवाजाही सामान्य है, लेकिन इससे लागू नियमों और प्रक्रियाओं से छूट नहीं मिलती। अभी तक इन वाहनों के किसी नियम के उल्लंघन की पुष्टि नहीं हुई है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि गाड़ियां किन परिस्थितियों में भारतीय क्षेत्र में लाई गईं, कितने समय से गैराजों में खड़ी हैं और उनके प्रवेश व वापसी से जुड़े अभिलेख नियमानुसार उपलब्ध हैं या नहीं।
नौतनवा के क्षेत्राधिकारी बसंत सिंह ने बताया कि जानकारी मिली थी कि करीब एक महीने से नेपाली नंबर प्लेट वाली गाड़ियां यहां खड़ी हो रही हैं। इस संबंध में जांच की जा रही है। आरोप सही पाए जाने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
