विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

महराजगंज के जंगल में आंधी-पानी से पेड़ गिरने से दंपती की मौत, बेटी घायल

By Vishwadeepak TripathiEdited By: Vivek Shukla
Published: Sun, 27 Sep 2026 11:40 AM (IST)

महराजगंज के पनियरा थाना क्षेत्र में जंगल में बकरी खोजने गए पति-पत्नी की आंधी-पानी के कारण पेड़ गिरने से मृत्यु ...और पढ़ें

गौरी शंकर पासवान व श्रीमती की फाइल फोटो।

गौरी शंकर पासवान व श्रीमती की फाइल फोटो।

HighLights

  1. जंगल में बकरी खोजने गए पति-पत्नी की मृत्यु।

  2. आंधी-पानी के कारण साखू का पेड़ गिरने से हादसा।

  3. महराजगंज के दौलतपुर जंगल में हुई दुखद घटना।

संवाद सूत्र (पनियरा) महराजगंज। जंगल में बकरी खोजने गए पति-पत्नी की शनिवार की शाम आंधी-पानी के कारण साखू का पेड़ गिरने से मृत्यु हो गई। जबकि साथ गई पुत्री भी घायल हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्वजन की चीख-पुकार मच गई। एक साथ दो की मृत्यु से गांव में शोक का माहौल है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।

पनियरा थाना क्षेत्र के वनटांगिया ग्राम पंचायत चंदन चाफी के बंगाली कोठी टोला निवासी 50 वर्षीय गौरीशंकर पासवान मजदूरी कर स्वजन का जीविकोपार्जन करते थे। शनिवार की दोपहर में तीन बजे उनकी बेटी अंजीलिका अपनी बकरियों को लेकर बांकी रेंज के दौलतपुर जंगल में चराने गई थी। कुछ देर बाद तेज वर्षा और आंधी के कारण वह डर कर ‌घर भाग आयी।

घर पहुंचकर उसने पिता को बकरियों को जंगल में ही छूट जाने की बात बताई, तो पिता व माता श्रीमती उसे लेकर सायं पांच बजे जंगल में बकरियों को खोजने चले गए। वह जंगल में अभी इधर-उधर बकरियों को खोज रहे थे कि इसी बीच साखू का एक पेड़ पति-पत्नी के ऊपर गिर गया। हादसे में उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई और अंजीलिका को भी सिर में चोट लग गई।

यह भी पढ़ें- महराजगंज में बारिश से भरभराकर गिरा कच्चा मकान, महिला की मौत

सूचना पर ग्रामीणों ने जंगल में जाकर शव को उसके घर लाया और पुलिस को सूचना दी। मृतक दंपती के एक पुत्र अखिलेश है, जो हैदराबाद में रोजी-रोजगार करता है, उसकी अभी शादी नहीं हुई है। चार बेटियों में कौशिल्या, सुशीला की शादी हो चुकी है। जबकि हौसिला व अंजीलिका की भी शादी नहीं हुई है। थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें- महराजगंज की तहसीलों में खुलेंगे न्यू एज लर्निंग सेंटर, दो करोड़ की परियोजना को केंद्र की मंजूरी