महराजगंज में त्योहारों पर वाहनों की बंपर बुकिंग, 300 बुलेट की मांग के बाद डिलीवरी का इंतजार
महराजगंज में दशहरा, दीपावली और धनतेरस के त्योहारों के लिए वाहनों की बंपर बुकिंग हुई है, जिसमें रॉयल एनफील्ड बुलेट ...और पढ़ें

AI Image
HighLights
महराजगंज में त्योहारों पर वाहनों की बंपर बुकिंग दर्ज।
रॉयल एनफील्ड बुलेट की 300 गाड़ियों की भारी मांग।
इलेक्ट्रिक वाहनों की ओर ग्राहकों का बढ़ता रुझान।
जागरण संवाददाता, महराजगंज। दशहरा से लेकर दीपावली और धनतेरस तक नई गाड़ी खरीदने की तैयारी कर रहे लोगों के कारण आटोमोबाइल बाजार में हलचल बढ़ गई है। महराजगंज के फरेंदा रोड स्थित वाहन एजेंसियों पर बाइक और स्कूटी की बुकिंग के लिए ग्राहक पहुंच रहे हैं।
रायल एनफील्ड की बुलेट की मांग इतनी अधिक है, कि आरके मोटर्स पर बुलेट बटालियन की 300 गाड़ियों की बुकिंग हो चुकी है, लेकिन ग्राहकों को डिलीवरी के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। वहीं, इलेक्ट्रिक वाहनों की ओर भी ग्राहकों का रुझान बढ़ रहा है।
आरके मोटर्स के एमडी राकेश गुप्ता ने बताया कि बुलेट बटालियन की 300 गाड़ियों की बुकिंग हो चुकी है। हालांकि, गाड़ियों की उपलब्धता नहीं होने से ग्राहकों को डिलीवरी नहीं मिल पा रही है। ऐसे में फिलहाल नई बुकिंग लेना भी बंद करना पड़ा है। त्योहारों पर पसंदीदा माडल खरीदने के लिए ग्राहक पहले से बुकिंग करा रहे हैं।
नमन मोटर्स यामाहा के मैनेजर वरुण त्रिपाठी ने बताया कि दशहरा, धनतेरस और दीपावली को लेकर लगभग 50 वाहनों की बुकिंग हुई है। एसके बजाज के कमांड एरिया मैनेजर संजीव श्रीवास्तव के अनुसार, जिले भर में लगभग 400 से अधिक वाहनों की बुकिंग हो चुकी है।
शुभम हीरो के मैनेजर जगदीश जाजोडिया ने बताया कि त्योहारों को लेकर बुकिंग जारी है और इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग भी बढ़ रही है। और प्रत्येक दिन वाहनों की बुकिंग भी हो रही हैं, तो अधिकांश ग्राहक नवरात्र के शुभ अवसर पर वाहन ले भी जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें- महराजगंज में प्रेमी की रिहाई के लिए विद्युत टावर पर चढ़ी किशोरी, पुलिस ने चार घंटे बाद उतारा
ई-20 पेट्रोल के बीच इलेक्ट्रिक वाहनों की ओर रुझान
पेट्रोल की लागत और ई-20 पेट्रोल को लेकर ग्राहकों के बीच हो रही चर्चा के बीच इलेक्ट्रिक बाइक और स्कूटी को लेकर भी मांग बढ़ी है। ग्राहक बैटरी क्षमता, एक बार चार्ज करने पर मिलने वाली रेंज, कीमत और वारंटी की जानकारी ले रहे हैं।
धनतेरस और दीपावली पर पसंदीदा माडल और रंग की गाड़ी पाने के लिए लोग पहले से बुकिंग कराने में रुचि दिखा रहे हैं। इलेक्ट्रिक स्कूली बिक्रेता राहुल कुमार ने बताया कि ग्राहक अपनी क्षमता के अनुूसार 50 हजार से लेकर 1.20 लाख रुपये की रेंज तक उपलब्ध स्कूटी की खरीदारी कर रहे हैं।
