भारत-नेपाल सीमा पर जूट के बोरों की तस्करी का नेटवर्क सक्रिय, गोदामों तक पहुंच रहा माल
भारत-नेपाल सीमा पर जूट के बोरों की तस्करी का एक सक्रिय नेटवर्क सामने आया है, जहाँ कीमतों के बड़े अंतर का फायदा उठाकर भारतीय बोरे नेपाल भेजे जा रहे हैं। पिकअप और ई-रिक्शा से गोदामों तक माल पहुँचाकर फिर साइकिल व ठेले से सीमा पार कराया जा रहा है, जिस पर पुलिस जांच करेगी।

भारत और नेपाल में कीमतों का अंतर बना तस्करी का कारण। जागरण
HighLights
भारत-नेपाल सीमा पर जूट बोरों की तस्करी सक्रिय।
कीमतों में अंतर तस्करी का मुख्य कारण।
पुलिस क्षेत्राधिकारी ने जांच के आदेश दिए।
जागरण संवाददाता, नौतनवा। भारत-नेपाल सीमा से सटे हरदी डाली क्षेत्र में जूट के बोरों की तस्करी का नेटवर्क सक्रिय होने का मामला सामने आया है। खनुआ मार्ग के रास्ते पिकअप और ई-रिक्शा से बड़ी मात्रा में भारतीय जूट के बोरे सीमा के नजदीक बने गोदामों तक पहुंचाए जा रहे हैं। इसके बाद कैरियरों के माध्यम से साइकिल, ठेला और पगडंडियों के रास्ते नेपाल भेजा जा रहा है। तस्करी के इस पूरे नेटवर्क में कई लोगों की भूमिका होने की आशंका जताई जा रही है।
भारतीय बाजार में एक जूट के बोरे की कीमत करीब 35 से 45 रुपये है, जबकि नेपाल में यही बोरा 70 से 90 नेपाली रुपये तक बिकता है। दोनों देशों के बाजारों में कीमतों का यह अंतर तस्करों के लिए मुनाफे का बड़ा अवसर बन रहा है। इसी का फायदा उठाकर सीमा पार जूट के बोरों की अवैध आपूर्ति किए जाने की बात कही जा रही है।

बताया जा रहा है कि पहले भारतीय क्षेत्र में वाहनों के माध्यम से माल एकत्र कर सीमा के नजदीक स्थित गोदामों में रखा जाता है। इसके बाद जरूरत और मांग के अनुसार छोटे वाहनों तथा पैदल कैरियरों के जरिए सीमा पार कराया जाता है। इस काम में साइकिल, ठेला और पगडंडियों का इस्तेमाल किए जा रहे हैं। इस नेटवर्क में भारत और नेपाल दोनों देशों में मकान रखने वाले कुछ लोगों की संलिप्तता की भी चर्चा है।
ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब खनुआ मार्ग से खुलेआम वाहनों के जरिए माल गोदामों तक पहुंच रहा है और फिर अलग-अलग रास्तों से सीमा पार भेजा जा रहा है तो जिम्मेदार एजेंसियों को इसकी भनक क्यों नहीं लग रही है।
यह भी पढ़ें- भारत-नेपाल के बीच रिश्तों और रफ्तार का नया पुल, महाकाली नदी पर वाहनों की आवाजाही शुरू
सीमा क्षेत्र में निगरानी और गश्त के बावजूद तस्करी की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पाना भी सवालों के घेरे में है। पुलिस क्षेत्राधिकारी बसंत सिंह ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।