भारत-नेपाल सीमा सुरक्षा पर मंथन, मानव तस्करी और अवैध घुसपैठ रोकने को लेकर काठमांडू में बैठक शुरू
भारत-नेपाल सीमा पर अवैध गतिविधियों, जैसे मानव तस्करी और मादक पदार्थों की तस्करी को रोकने के लिए दोनों देशों के ...और पढ़ें

आधुनिक तकनीक से निगरानी व तीसरे देशों के नागरिकों की अवैध आवाजाही रोकने पर जोर। जागरण
HighLights
भारत-नेपाल सीमा पर अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने पर चर्चा।
मानव तस्करी, मादक पदार्थ तस्करी रोकने पर विशेष जोर।
सीमा सुरक्षा, खुफिया जानकारी साझा करने पर सहमति बनेगी।
संवादसूत्र, सोनौली। भारत-नेपाल की खुली सीमा का दुरुपयोग कर होने वाली अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए दोनों देशों के सुरक्षा बलों ने रणनीतिक मंथन शुरू कर दिया है। मानव तस्करी, तीसरे देशों के नागरिकों की अवैध आवाजाही, मादक पदार्थों और हथियारों की तस्करी जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए बुधवार से काठमांडू में एसएसबी और एपीएफ की 10वीं द्विपक्षीय समन्वय बैठक शुरू हुई है। बैठक में सीमा सुरक्षा को मजबूत करने के साथ खुफिया सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान और निगरानी तंत्र को अधिक प्रभावी बनाने पर चर्चा की गई।
नेपाल के सशस्त्र प्रहरी बल (एपीएफ) और भारत के सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के बीच आयोजित बैठक में नेपाली प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व एपीएफ के महानिरीक्षक नारायण दत्त पौडेल तथा भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व एसएसबी के महानिदेशक संजय सिंघल कर रहे हैं। दोनों देशों के गृह एवं विदेश मंत्रालयों, सुरक्षा एजेंसियों और संबंधित विभागों के अधिकारी भी बैठक में शामिल हैं।
बैठक में सीमा पार अपराधों को रोकने के लिए दोनों सुरक्षा बलों के बीच समन्वय बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों से जुड़ी सूचनाएं साझा करने और सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी व्यवस्था मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया है। खुली सीमा के कारण होने वाली चुनौतियों को देखते हुए आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल तथा संयुक्त प्रयासों से अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण की संभावनाओं पर भी विचार किया गया है।
सीमा स्तंभों की सुरक्षा एवं रखरखाव, सीमा क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के उपायों पर चर्चा एजेंडे में शामिल है। सीमावर्ती नागरिकों के साथ तालमेल स्थापित करने, दोनों देशों के यात्री सहायता कक्षों को आपस में जोड़ने तथा सुरक्षा बलों के प्रशिक्षण और संस्थागत सहयोग को बढ़ावा देने पर भी सहमति बनाने का प्रयास होगा।
यह भी पढ़ें- महराजगंज में गणित की परीक्षा देकर लौटे छात्र का फंदे से लटका मिला शव, जांच में जुटी पुलिस
बैठक में आपदा प्रबंधन के दौरान दोनों देशों के सुरक्षा बलों के बीच सहयोग बढ़ाने और आपात परिस्थितियों में त्वरित समन्वय की व्यवस्था मजबूत करने पर भी विचार किया जाएगा। एपीएफ के प्रवक्ता डीआइजी नेत्र बहादुर कार्की के अनुसार, बैठक में सीमा सुरक्षा के लिए अब तक किए गए प्रयासों की समीक्षा के साथ मानव तस्करी, मादक पदार्थों और अवैध हथियारों की तस्करी रोकने के उपायों पर मंथन होगा। बैठक का समापन शुक्रवार को होगा।
