भारत-नेपाल सीमा पर शराब तस्करी का बढ़ता जाल, फिर पकड़ी गई बड़ी खेप
भारत-नेपाल सीमा पर शराब तस्करी लगातार जारी है, सुरक्षा एजेंसियों की कड़ी निगरानी के बावजूद तस्कर विभिन्न माध्यमों से शराब ...और पढ़ें
-1793613820853_m.webp)
यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।
HighLights
आराजी सरकार पुल पर 648 बोतल शराब जब्त, तीन तस्कर गिरफ्तार।
सोनौली सीमा पर कार से 225 बोतल शराब बरामद, एक पकड़ा गया।
नेपाल में महेशपुर से 274 बोतल रम जब्त, दो हिरासत में।
जागरण संवाददाता, नौतनवा। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर शराब तस्करी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। तस्कर सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी के बावजूद कभी कार में छिपाकर तो कभी अन्य माध्यमों से अंग्रेजी शराब की खेप नेपाल पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। हाल के दिनों में सोनौली सीमा से लेकर नेपाल के महेशपुर क्षेत्र तक लगातार हुई कार्रवाई में शराब की बड़ी खेप पकड़े जाने से तस्करी के नेटवर्क की सक्रियता उजागर हुई है। रविवार तड़के आराजी सरकार उर्फ बैरिहवा पुल के पास 648 बोतल अंग्रेजी शराब के साथ तीन तस्करों की गिरफ्तारी इसी कड़ी का हिस्सा है।
23 सितंबर 2026 को सोनौली सीमा के मुख्य प्रवेश द्वार पर एसएसबी, पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने वाहन जांच के दौरान एक कार से हरियाणा निर्मित 225 बोतल शराब बरामद की थी। बिहार नंबर की कार से शराब लेकर नेपाल के काठमांडू जा रहे सीतामढ़ी निवासी सौरव कुमार को गिरफ्तार किया गया था। शराब को आठ प्लास्टिक के कैरेट में रखकर ले जाया जा रहा था। इस मामले में सोनौली थाने में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई।
20 सितंबर 2026 को भारत-नेपाल सीमा से सटे नेपाल के महेशपुर क्षेत्र में नेपाल पुलिस ने भारतीय नंबर प्लेट लगी कार से 274 बोतल ओल्ड मोंक रम बरामद की थी। यह कार्रवाई पाल्हीनंदन गांवपालिका-1 में सीमा से करीब 200 मीटर दूर की गई थी। शराब तस्करी के संदेह में दो लोगों को हिरासत में लिया गया था। कार की कीमत करीब 35 लाख नेपाली रुपये और शराब की कीमत करीब 5.48 लाख नेपाली रुपये आंकी गई थी। बरामदगी ने भारतीय क्षेत्र से नेपाल की ओर शराब ले जाने के मामले को एक बार फिर उजागर किया।
लगातार हो रही बरामदगी से स्पष्ट है कि शराब तस्कर सीमा पार खेप पहुंचाने के लिए अलग-अलग रास्तों और वाहनों का इस्तेमाल कर रहे हैं। कभी मुख्य सीमा द्वार पर जांच के दौरान तो कभी सीमावर्ती गांवों और नेपाल के भीतर कार्रवाई में तस्करी की खेप पकड़ी जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों की संयुक्त कार्रवाई से तस्करों पर शिकंजा कस रहा है, लेकिन लगातार सामने आ रहे मामले सीमा पर निगरानी और तस्करी के नेटवर्क को ध्वस्त करने की चुनौती भी दर्शाते हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।