'अर्नब' चक्रवात का नेपाल में असर, मुस्तांग में भारी हिमपात और बारिश के कारण भारतीय पर्यटक फंसे
अर्नब चक्रवात के कारण नेपाल के मुस्तांग जिले में भारी हिमपात और वर्षा से जनजीवन प्रभावित हुआ है। इससे भारतीय ...और पढ़ें

मुस्तांग में सड़क पर जमा बर्फ
HighLights
अर्नब चक्रवात से नेपाल के मुस्तांग में भारी हिमपात।
2-3 फीट बर्फ से कोरला नाका और सड़कें बंद।
खराब मौसम के कारण भारतीय पर्यटक विभिन्न स्थानों पर फंसे।
संवाद सूत्र, महराजगंज। अर्नब चक्रवात के प्रभाव से नेपाल के मुस्तांग जिले में भारी हिमपात और लगातार वर्षा से जनजीवन प्रभावित हो गया है। ऊपरी मुस्तांग में दो से तीन फीट तक बर्फ जमने से नेपाल-चीन सीमा स्थित कोरला नाका ठप हो गया है। वहीं, वर्षा के बीच भूस्खलन होने से जोमसोम-कोरला सड़कखंड पर यातायात बाधित है। खराब मौसम और रास्ते बंद होने के कारण मुस्तांग घूमने पहुंचे भारतीय पर्यटक विभिन्न स्थानों पर फंस गए हैं। इससे पर्यटकों और स्थानीय लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
प्रमुख जिला अधिकारी परशुराम पोखरेल के अनुसार, शुक्रवार की रात से लोमान्थांग और लोघेकर दामोदरकुंड गांवपालिकाओं में भारी हिमपात हो रहा है। वहीं, वारागुंग मुक्तिक्षेत्र गांवपालिका-3 छुसांग से निचले क्षेत्रों में भी शुक्रवार रात से लगातार वर्षा हो रही है। खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन ने मुस्तांग भ्रमण पर आए पर्यटकों और स्थानीय लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है।
मौसम सामान्य होने तक अनावश्यक यात्रा करने से बचें
नेपाल-चीन सीमा और कोरला नाका क्षेत्र में दो से तीन फीट तक बर्फ जमा होने की जानकारी लोमान्थांग गांवपालिका-4 न्हेचुंग स्थित सशस्त्र प्रहरी बल के बॉर्डर आउट पोस्ट (बीओपी) ने दी है। बीओपी प्रमुख सशस्त्र प्रहरी निरीक्षक प्रकाश धिताल के मुताबिक, जोखिम बढ़ने के कारण कोरला जाने वाले मार्ग पर वाहनों और पर्यटकों की आवाजाही रोक दी गई है।
मौसम सामान्य होने तक नेपाल-चीन सीमा पर व्यापार और आयात-निर्यात कारोबार बंद रखने की अपील की गई है। लोमान्थांग गांवपालिका अध्यक्ष टसी गुरुड़ ने बताया कि शुक्रवार रात से शुरू हुआ भारी हिमपात अब भी जारी है। नवंबर महीने में पहली बार इतनी भारी बर्फबारी हुई है। ऊपरी मुस्तांग की बस्तियों, खर्क, पाटन और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ की मोटी चादर बिछ गई है। तापमान में गिरावट और बढ़ती ठंड से स्थानीय लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई है।
इस बीच, वर्षा के चलते जोमसोम-कोरला सड़कखंड भी अवरुद्ध हो गया है। जिला पुलिस कार्यालय के सूचना अधिकारी ईश्वर महत के अनुसार, घरपझोंग गांवपालिका-4 जोमसोम से ऊपर और वारागुंग मुक्तिक्षेत्र गांवपालिका-3 छुसांग में भूस्खलन होने से सड़क पर यातायात ठप हो गया है।
मौसम प्रतिकूल होने से भारतीय पर्यटकों समेत अन्य यात्रियों की आवाजाही प्रभावित है। प्रशासन ने मौसम सामान्य होने तक अनावश्यक यात्रा से बचने और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
यह भी पढ़ें- महराजगंज: कम उम्र में परिवार का सहारा बना अनिल, सड़क हादसे ने छीन ली जिंदगी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।