महराजगंज: कम उम्र में परिवार का सहारा बना अनिल, सड़क हादसे ने छीन ली जिंदगी
गोरखपुर-सोनौली राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुरहवा गांव के पास बुधवार देर रात हुए सड़क हादसे में 20 वर्षीय अनिल विश्वकर्मा की ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
अनिल विश्वकर्मा की सड़क हादसे में दुखद मृत्यु।
गोरखपुर-सोनौली राजमार्ग पर अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी।
परिवार का सहारा था 20 वर्षीय युवा मैकेनिक।
संवाद सूत्र, चंडीथान। गोरखपुर-सोनौली राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुरहवा गांव के निकट बुधवार की देर रात हुए सड़क हादसे में पुरंदरपुर क्षेत्र के मल्हनी फुलवरिया निवासी 20 वर्षीय अनिल विश्वकर्मा की मृत्यु हो गई। नौतनवा से बाइक से घर लौट रहे अनिल को डूड़ी पुल के पास किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची संपतिहा चौकी पुलिस ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लक्ष्मीपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
अनिल की उम्र भले ही कम थी, लेकिन परिवार के प्रति उनकी जिम्मेदारियां काफी बड़ी थीं। वह कंबाइन मशीनों की मरम्मत का काम करते थे। मेहनत-मजदूरी से मिलने वाली कमाई से परिवार की आर्थिक जरूरतों को पूरा करने में सहयोग करते थे। कम उम्र में ही परिवार का सहारा बने अनिल की असमय मृत्यु ने स्वजन के सपनों और उम्मीदों को तोड़ दिया। जिस बेटे के कंधों पर परिवार की जिम्मेदारियां धीरे-धीरे बढ़ रही थीं, उसके अचानक चले जाने से घर में मातम छा गया।
स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे में अनिल की बाइक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। दुर्घटना किस वाहन से हुई, इसकी जानकारी अभी नहीं मिल सकी है। पुलिस ने मोबाइल के माध्यम से स्वजन को हादसे की सूचना दी नौतनवा थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि दुर्घटना करने वाले वाहन का पता लगाया जा रहा है। अभी तक इस मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।