विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी के दिव्यांग संवासियों को योगी सरकार का बड़ा तोहफा, अनुदान राशि एक हजार रुपये बढ़ी

Published: Fri, 03 Jul 2026 12:08 PM (IST)

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मानसिक मंदित व निराश्रित दिव्यांगजनों की भरण-पोषण अनुदान राशि ₹2000 से बढ़ाकर ₹3000 प्रतिमाह कर दी है।

सीएम योगी आदित्यनाथ। (तस्वीर- फाइल)

सीएम योगी आदित्यनाथ। (तस्वीर- फाइल)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मानसिक मंदित व निराश्रित दिव्यांगजन के लिए बड़ी राहत देते हुए आश्रय गृह सह प्रशिक्षण केंद्रों और हाफ वे होम में रहने वाले संवासियों की भरण-पोषण अनुदान राशि दो हजार रुपये से बढ़ाकर तीन हजार रुपये प्रतिमाह कर दी है।

उन्होंने कहा कि ऐसे दिव्यांग पूरी तरह संस्थागत देखभाल पर निर्भर होते हैं, इसलिए उन्हें पौष्टिक भोजन और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है।

गुरुवार को दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने प्रत्येक जिले में नियमित रूप से दिव्यांगजन सहायक उपकरण वितरण शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद दिव्यांगजन को कृत्रिम अंग और अन्य सहायक उपकरण समय पर उपलब्ध कराए जाएं।

साथ ही श्रवण बाधित बच्चों का समय पर चिह्नांकन कर काक्लियर इंप्लांट के बाद उनके पुनर्वास की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री ने विशेष विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए शिक्षकों की समयबद्ध तैनाती पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि विभाग की सभी योजनाओं का उद्देश्य दिव्यांगजनों को सम्मानजनक, सुरक्षित और आत्मनिर्भर जीवन उपलब्ध कराना है।

बैठक में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में 12.23 लाख से अधिक दिव्यांगजन पेंशन योजना से लाभांवित हुए। इसी अवधि में 34,420 पात्र लाभार्थियों को 43,689 सहायक उपकरण वितरित किए गए।

226 श्रवण बाधित बच्चों का काक्लियर इंप्लांट कराया गया, जबकि चालू वित्तीय वर्ष में 68 जिलों से 335 बच्चों का चिह्नांकन किया जा चुका है। इसके अलावा निश्शुल्क मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, विवाह प्रोत्साहन, दुकान संचालन और रोडवेज बसों में निश्शुल्क यात्रा जैसी योजनाएं भी संचालित की जा रही हैं।

यह भी पढ़ें- यूपी : दिव्यांग छात्राओं के लिए ई-ट्राइसाइकिल की नई नियमावली जारी, पहले इन्हें मिलेगा फायदा