यूपी में भाजपा का 'लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ' अभियान, सीएम योगी आज लखनऊ में करेंगे पदयात्रा
भारतीय जनता पार्टी 'लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ' अभियान के तहत प्रदेशभर में पदयात्राएं निकाल रही है।

सीएम योगी। (तस्वीर- फाइल)
HighLights
CM योगी और शिवराज सिंह चौहान लखनऊ में पदयात्रा करेंगे।
भाजपा का 'लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ' अभियान शुरू।
विपक्ष की अराजकता और देश विरोधी राजनीति पर निशाना।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ अभियान के तहत प्रदेशभर में पदयात्रा निकालेगी।
मंगलवार को लखनऊ में दोपहर 12 बजे लोकभवन से परिवर्तन चौक के बीच निकलने वाली पदयात्रा का नेतृत्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे।
इस अभियान के बहाने पार्टी कांग्रेस एवं विपक्षी दलों पर अराजकता का आरोप लगाकर कई मुद्दों पर घेरेगी।
प्रदेश महामंत्री एवं अभियान के प्रभारी दिलीप पटेल ने बताया कि मंगलवार को लखनऊ में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह पदयात्रा का नेतृत्व करेंगे।
इसी दिन बरेली में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री जेपी नड्डा, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी के नेतृत्व में निकलने वाली पदयात्रा के माध्यम से भाजपा विपक्ष के झूठे राजनैतिक ऐजेंडे और दोहरे मापदंड को जनता के बीच पहुंचकर उजागर करेगी।
बीजेपी का प्रदेश भर में पदयात्रा
चार नवम्बर को गोरखपुर में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं पंकज चौधरी के नेतृत्व में भाजपा लोकतंत्र को बचाने और अराजकता को मिटाने का संकल्प लेकर पदयात्रा निकालेगी।
चार नवम्बर को प्रयागराज में केशव प्रसाद मौर्य एवं कानपुर में ब्रजेश पाठक के नेतृत्व में भाजपा यात्रा निकालेगी। पांच नवंबर को गाजियाबाद में योगी के नेतृत्व में भाजपा यात्रा निकालेगी। पार्टी विपक्ष की देश विरोधी राजनीति, सत्ता परिवर्तन के खतरनाक ऐजेंडे और देश को अस्थिर करने के घातक मंसूबों को पदयात्रा के माध्यम से जनता के समक्ष प्रस्तुत करेगी।