विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

 उत्तर प्रदेश में छूटे मतदाताओं को जोड़ने की मुहिम की कमान संभालेंगे सीएम योगी, लखनऊ में कार्यशाला आज

Published: Fri, 13 Nov 2026 08:02 AM (IST)

भाजपा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में मतदाता सूची दुरुस्त करने और छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने का अभियान तेज कर दिया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। (तस्वीर- फाइल)

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। (तस्वीर- फाइल)

HighLights

  1. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संभाली अभियान की कमान।

  2. लखनऊ में आज भाजपा की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला।

  3. 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम सूची से गायब।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। विधानसभा चुनाव की तैयारियों में तेजी से जुटी भाजपा ने अब मतदाता सूची को दुरुस्त कराने और छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने पर पूरा जोर लगा दिया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अभियान की कमान खुद संभाली है। शुक्रवार को राजधानी के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में होने वाली भाजपा की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में मुख्यमंत्री पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को इस अभियान की रूपरेखा समझाएंगे। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह भी कार्यशाला में मौजूद रहेंगे।

दरअसल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एसआइआर से पहले और बाद की मतदाता सूचियों का हवाला देते हुए दावा किया था कि प्रदेश में 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में नहीं हैं। इनमें 66 लाख ऐसे मतदाता बताए गए हैं, जिनके नाम पंचायत की मतदाता सूची में हैं, लेकिन विधानसभा की सूची में नहीं हैं।

इसी तरह 55 लाख सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों और 18-19 वर्ष आयु वर्ग के साढ़े चार लाख युवाओं के नाम मतदाता सूची में नहीं होने की बात कही गई थी। मुख्यमंत्री ने यह भी दावा किया था कि मुस्लिम मतदाताओं के नाम बढ़े हैं, जबकि हिंदू मतदाताओं की संख्या घटी है।

भाजपा अब इन्हीं आंकड़ों के आधार पर जिलेवार अभियान चलाएगी। कार्यशाला में जिला और क्षेत्रीय पदाधिकारियों को बताया जाएगा कि पंचायत मतदाता सूची में दर्ज लेकिन विधानसभा सूची से छूटे लोगों की पहचान कैसे करनी है।

भाजपा की कार्यशाला में इन आंकड़ों को अभियान का आधार बनाकर तीन श्रेणियों में छूटे मतदाताओं की पहचान करने पर जोर रहेगा। जिला प्रभारी, जिलाध्यक्ष, अभियान संयोजक और मोर्चों के अध्यक्षों को इसकी जिम्मेदारी दी जाएगी।

पार्टी के सभी मोर्चे और प्रकोष्ठ भी अभियान में लगाए जाएंगे। कार्यकर्ताओं को पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने के लिए निर्वाचन आयोग की निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कराने का जिम्मा सौंपा जाएगा। पार्टी का प्रयास होगा कि एसआइआर के बाद मतदाता सूची के पुनरीक्षण में कोई भी पात्र मतदाता छूटने न पाए।

यह भी पढ़ें- 14 नवंबर को CM योगी का हापुड़ दौरा, घाट से हेलीपैड तक होगा कड़ा पहरा; पुलिस लाइन में बना सेफ हाउस

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।